धनंजय जंगवाल को राज्यपाल ने सम्मानित किया
मवाना। नगर की प्रीतनगर कॉलोनी निवासी धनंजय जंगवाल ने शूटिंग के क्षेत्र में मवाना का नाम रोशन किया है। स्टेट चैंपियनशिप में उन्होंने सिल्वर मेडल हासिल किया है। मंगलवार को राजभवन में प्रदेश के राज्यपाल ने मेडल देकर सम्मानित किया। धनंजय जंगवाल नगर के कृषक पीजी कॉलेज के पूर्व सचिव अतुल वर्मा व वर्तमान सचिव अर्चना वर्मा के पुत्र हैं। हाल ही में लखनऊ में हुई यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में 25 मीटर .22 स्टैंडर्ड पिस्टल में सिल्वर मेडल हासिल किया। मंगलवार को लखनऊ स्थित राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल रामनाईक ने अन्य खिलाड़ियों के साथ धनंजय को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। धनंजय ने फोन पर बताया कि अपनी सफलता का श्रेय व माता-पिता व कोच को देते हैं। धनंजय शांति निकेतन विद्यापीठ मेरठ के छात्र हैं। धनजंय जंगवाल मवाना निवासी लोकदल के वयोवृद्ध नेता अचल सिंह वर्मा के पौत्र है। अचल सिंह वर्मा पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौ. चरण सिंह के करीबियों में रहे हैं तथा लोकदल के जिलाध्यक्ष भी रहे हैं।
श्रीमद्भागवत कथा सुनाई
मवाना। नालंदा कालोनी स्थित पार्क में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन कथा वाचक स्वामी सत्यानंद महाराज ने भगवान शिव द्वारा मां पार्वती को सुनाई जाने वाली अमर कथा के वृतांत के बारे में विस्तार से बताया।
कथा वाचक स्वामी सत्यानंद महाराज ने बताया कि भगवान शिव मां पार्वती को अमर करने के लिए अमरनाथ में अमरता की कथा सुनाने के लिए ले गए थे वहां अमर कथा सुनाई तथा तत्व ज्ञान दिया। इस संसार में जो भी होता है वह सब शिव कृपा से होता है। कथा सुनते सुनते देवी पार्वती को नींद आ गई। उन्होंने कथा के बारे में विस्तार से श्रद्धालुओं को बताया। बाद में उन्होंने शुक्रताल तीर्थ में भगवान शुक्रदेव द्वारा सुनाई गई कथा के बारे में भी श्रद्धालुओं को बताया। कथा सुनने वालों में काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।