कैराना-नूरपुर चुनाव की रणनीति तैयार करेंगे सपाई
मेरठ। सपाई कैराना और नूरपुर चुनाव में भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लेंगे। रणनीति तैयार करेंगे कि कैसे चुनाव में ताकत झोंकी जा सकती है। इसके अलावा गन्ना किसानों का मुद्दा उठाएंगे और गन्ना आयुक्त का घेराव करने का निर्णय लिया है। सहकारी बैंक चुनाव में धांधली का आरोप लगाया और डीएम से शिकायत का निर्णय लिया।
जेल रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर शनिवार को सपा की मासिक बैठक हुई, जिसमें नौ बिंदुओं पर भाजपा को घेरने की तैयारी है। छात्र-छात्राओं की आगे की कक्षाओं में प्रवेश समस्या पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें दाखिलों से वंचित रहने वाले छात्र-छात्राओं की मदद करने का भी निर्णय लिया गया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह और संचालन महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी और युवजन सभा के जिलाध्यक्ष रिहानुद्दीन ने किया। इस दौरान बाबर चौहान, आदिल सिद्दीकी, आकिल मुर्तजा, इलियास कुरैशी, संजीव गुप्ता, अनीता मिलन, साजिद लावड़, वीरपाल ढाका, निरंजन सिंह, ज्ञानेंद्र शर्मा, मृदुला यादव, सचिन गुर्जर, शशिकांत गौतम, हरिभूषण खटीक, मुमताज, वीर सिंह खटीक और मनोज चपराना मौजूद रहे।
बैठकों में न आने वाले होंगे निष्कासित
बैठक में प्रस्ताव रखा गया कि जो पार्टी का नेता लगातार तीन मासिक बैठकों में अनुपस्थित रहेगा, उसे नोटिस देकर उसका निष्कासन प्रस्ताव प्रदेश कार्यालय को भेजा जाएगा। बैठक में ध्वनि मत से यह प्रस्ताव पास हुआ। जिलाध्यक्ष ने बताया कि कुछ पार्टी नेता ऐसे हैं, जो सपा हाईकमान के निर्देश के बावजूद मासिक बैठक में नहीं आते।
भाजपा नेता चलवा रहे नकली बसें
नकली रोडवेज बसों का मामला तूल पकड़ रहा है। शनिवार को सपा की मासिक बैठक में यह मुद्दा जोर-शोर से उठा। बैठक में निर्णय लिया गया कि अवैध रूप से चल रही इन नकली रोडवेज बसों को तत्काल बंद कर सीज करने की मांग की जाएगी। इसके लिए रोडवेज के उच्चाधिकारियों के दफ्तर के बाहर धरना दिया जाएगा।
खास बातें:
सहकारी बैंक चुनाव में धांधली का आरोप, डीएम से करेंगे शिकायत
बैठक मेें हुई रणनीति तय, नौ बिंदुओं पर घेरेंगे भाजपा को