नारियल का तेल लगाकर खेलें होली
मेरठ। होली खेलें, मगर सावधानी से। दरअसल, पहले होली के लिए प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल होता था, जिनसे त्वचा को नुकसान नहीं होता था, लेकिन अब रंगों में मिलावट हो रही है। ऐसे में रंगों को खरीदते समय और फिर होली खेलते समय एहतियात की जरूरत है, ताकि त्वचा खराब न हो। त्वचा रोग विशेषज्ञ बचाव के लिए होली खेलने से पहले त्वचा और बालों पर नारियल का तेल लगाने की सलाह देते हैं।
होली के दौरान रसायनिक रंगों के इस्तेमाल से जलन, त्वचा पर लालिमा और कुछ मामलों में फफोले पड़ने जैसी समस्या हो सकती है। इससे त्वचा पर दाग भी पड़ सकते हैं। होली में प्रयोग किए जाने वाले कुछ रंगों में माइका, लेड जैसे रासायनिक पदार्थ पाए जाते हैं, जिससे त्वचा में जलन पैदा होती है और रंग बालों और सिर में जम जाते हैं। होली का त्योहार ज्यादातर खुले आसमान में खेला जाते है, जिससे सूर्य की गर्मी से भी त्वचा पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। खुले आसमान में नमी की कमी की वजह से त्वचा के रंग में कालापन आ जाता है। होली खेलने केबाद त्वचा निर्जीव बन जाती है।
रंगों से आंखें भी बचाकर रखें
होली खेलते समय यह देख लें कि रंग पाउडर जैसा होना चाहिए, दानेदार या खुरदरा नहीं। होली खेलने से थोड़ी देर पहले बालों पर नारियल या सरसों का तेल और चेहरे पर नारियल का तेल लगाकर होली खेलें तो त्वचा बची रहेगी। नहीं तो त्वचा संक्रमण होने की समस्या पैदा हो सकती है। रंगों से आंखें भी बचाकर रखें। - डॉ. राशि अग्रवाल, त्वचा रोग विशेषज्ञ
साइनस और अस्थमा के मरीज गुलाल से बचें
साइनस, अस्थमा के मरीजों को गुलाल और ऐसे रंगों से बचना चाहिए। त्वचा पर मॉस्चराइजर का लेप करने से भी बचाव होता है। होली खेलने के बाद रंगों को हटाने के लिए मिट्टी का तेल आदि का इस्तेमाल न करें। लगातार एक ही दिन में रंग छुड़ाने का प्रयास न करें। हालांकि हाथों में रंग लगा नहीं रहने देना चाहिए। - डॉ. अनुराग आर्य, स्किन स्पेशलिस्ट
रंग हटाने के लिए यह करें
त्वचा तथा बालों पर जमे रंगों को हटाने केलिए बार-बार पानी से धोएं।
क्लीजिंग क्रीम या लोशन का लेप कर लें।
आंखों के इर्द गिर्द के क्षेत्र को हल्के हल्के साफ करें।
क्लीजिंग जेल से चेहरे पर जमे रंगों को हटाने में मदद मिलती है।
यह बरतें सावधानी
अच्छी गुणवत्ता वाले रंगों का प्रयोग करें।
स्थायी रंगों का इस्तेमाल न करें।
पानी में घुलनशील रंगों का प्रयोग करें।
गोल्डन और सिल्वर जैसे रंगों का प्रयोग न करें।