हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली तो सुप्रीमकोर्ट जाएंगे व्यापारी
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
सेंट्रल मार्केट ध्वस्तीकरण मामले में व्यापारियों को दो जनवरी का इंतजार है। दो जनवरी को इलाहाबाद हाईकोर्ट में आवास एवं विकास अधिकारी और याचिकाकर्ता मौजूद रहेंगे। व्यापारियों ने कहा कि अगर हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली तो वो सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
सेंट्रल मार्केट प्रकरण में दो जनवरी को हाईकोर्ट में सुनवाई से पहले जहां व्यापारियों में हलचल है। वहीं आवास एवं विकास अधिकारी न्यायालय में अपना पक्ष मजबूती से रखने की तैयारी में है। आवास विकास की ओर से सात अभियंताओं और व्यापारियों पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। शनिवार को आवास विकास अधिकारियों ने सेंट्रल मार्केट की फोटोग्राफी भी कराई। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता राहुल भी न्यायालय में मौजूद रहेंगे। जो आवास विकास अधिकारियों को न्यायालय में चैलेंज करेंगे। जिसको लेकर याची ने भी सबूतों के साथ आवास विकास को घेरने की तैयारी की है। याची ने बताया भाजपा नेताओं द्वारा मार्केट में अवैध निर्माणों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने के खिलाफ भाषण की वीडियो भी कोर्ट में सबूत के तौर पर जमा हो सकती है। जिसको लेकर आवास विकास अधिकारियों की मुसीबत बढ़ सकती है। सेंट्रल मार्केट व्यापार संघ अध्यक्ष किशोर वाधवा ने बताया कि वैसे तो उन्हें पूरी उम्मीद है कि उच्च न्यायालय से उन्हें इंसाफ मिलेगा। यदि राहत नहीं मिली तो सभी व्यापारी सुप्रीम कोर्ट जाएंगे।
खास बात
सेंट्रल मार्केट प्रकरण में दो जनवरी को हाईकोर्ट में है सुनवाई