मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय और मेरठ कॉलेज राज्यपाल के आगमन की तैयारी में व्यस्त हैं। सीसीएसयू में सोमवार को कुलपति ने शिक्षकों के साथ बैठक कर तैयारी को लेकर दिशा निर्देश दिए। मेरठ कॉलेज में बिहार के राज्यपाल के आगमन से पहले पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है।
16 दिसंबर को मेरठ कॉलेज में बिहार के राज्यपाल और कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सतपाल मलिक आ रहे हैं। उनका सम्मान समारोह होगा। वह छात्रों को संबोधित करेंगे। ओपन स्टेडियम में उनका कार्यक्रम रखा गया है। संबोधन ओपन स्टेडियम में होगा या नहीं इसको लेकर मंगलवार को अंतिम निर्णय हो जाएगा। राजभवन की ओर से मंगलवार को निरीक्षण के लिए टीम आ रही है। उसकी रिपोर्ट का इंतजार रहेगा। राज्यपाल के आगमन के दिन कॉलेज की छुट्टी नहीं रहेगी। उस दिन क्लास होगी। जो छात्र कार्यक्रम में आना चाहते हैं, वह आ सकेंगे। कॉलेज उसके लिए व्यवस्था बना रहा है। प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंप दी गई हैं।
उधर, सीसीएसयू में कुलपति प्रो. एनके तनेजा ने शिक्षकों के 17 नवंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह की तैयारी को लेकर बैठक की। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि जो आयोजन कमेटी में शामिल नहीं भी हैं, वह भी व्यवस्था में शामिल हैं। अपना योगदान दें। विवि ने दीक्षांत समारोह के लिए करीब डेढ़ हजार डिग्री प्रिंट कराई हैं। सभी मेडल घोषित किए जा चुके हैं। विवि की ओर से निमंत्रण भेज दिया गया है। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक का क्षण प्रतिक्षण कार्यक्रम आ चुका है।