लिसाड़ी गेट के शाहजहां कॉलोनी में बालक की मौत होने पर मौके पर लगी भीड़
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह पतंग उड़ाते समय 12 वर्षीय अयान पहली मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गया। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इन्कार करते हुए हंगामा कर दिया। परिजनों को समझाकर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक शाहजहां कॉलोनी निवासी इरशाद दूध की डेयरी चलाते हैं। परिवार में पत्नी के अलावा बेटी सबरीन, बेटा रिहान व सबसे छोटा बेटा अयान था। अयान एक स्कूल में कक्षा चार का छात्र था। सोमवार को स्कूल की छुट्टी के चलते अयान घर पर ही था। पिता इरशाद ने बताया कि सुबह के समय अयान छत पर पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पहली मंजिल से नीचे गिर गया। अयान के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन छत पर पहुंचे। यहां उन्होंने देखा कि अयान सड़क पर बेहोश पड़ा था। छत से गिरने के कारण उसके सिर और कमर में गंभीर चोट आई। इस दौरान मौके पर भीड़ लग गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे यहां उसकी मौत हो गई।
अयान की मौत की बात पता चलते ही परिजन सकते में आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से मामले की जानकारी ली लेकिन परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से इन्कार करते हुए हंगामा कर दिया। पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लिसाड़ी गेट के शाहजहां कॉलोनी में बालक की मौत होने पर मौके पर लगी भीड़