थाना क्षेत्र के गांव नानू निवासी 12 वर्षीय फरीद पुत्र मुक्करम की बृहस्पतिवार की शाम को मढियाई गांव के जंगल में थ्रेसर मशीन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल उपचार के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, फरीद शाम गांव के ही नदीम व अन्य लोगों के साथ मढियाई गांव के जंगल में गया था। जहां सरसों की कटाई के लिए थ्रेसर मशीन चल रही थी। इसी बीच वह थ्रेसर मशीन के पास जाकर देखने लगा। जिसमें वह अचानक मशीन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत उसे कस्बे के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से हालत गंभीर देखते हुए उसे सीएचसी रेफर कर दिया गया। सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने फरीद को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए और बालक की मौत की खबर सुनकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि इस संबंध में तहरीर नहीं दी गई।