मेरठ। कार्तिक गंगा स्नान मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने 12 एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव गढ़ मुक्तेश्वर स्टेशन पर किया है। मेरठ-लखनऊ के बीच चलने वाली राज्यरानी एक्सप्रेस समेत सभी 12 ट्रेन 13 से 16 नवंबर तक गढ़ में दो मिनट रुककर चलेंगी।
कार्तिक पूर्णिमा का गंगा स्नान 15 नवंबर है। इस बार भी प्रसिद्ध गढ़ मुक्तेश्वर में गंगा स्नान पर मेले का आयोजन किया जाएगा। गढ़ गंगा मेले में आसपास के अलावा दूर-दराज से भी श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए आते है। रेलवे ने श्रद्धालुओं के आवागमन की सुविधा के लिए 12 एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव गढ़मुक्तेश्वर स्टेशन पर किया है। इन ट्रेनों में राज्यरानी एक्सप्रेस, आला हजरत एक्सप्रेस, अयोध्या एक्सप्रेस, अवध असम एक्सप्रेस, आनंद विहार-दानापुर जन साधारण एक्सप्रेस, पदमावत एक्सप्रेस ट्रेन शामिल है, जो अप और डाउन में 13 से 16 नवंबर तक गढ़ में रुक कर चलेंगी।