गंगानगर (मेरठ)। गांव साधारणपुर में रविवार मृत पशु को उठाने आए दो युवकों पर शक होने पर ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा युवक भाग गया। पिटाई के बाद ग्रामीणों को पकड़े गए समर गार्डन निवासी फरमान ने बताया कि आसपास के गांवों में पशुओं को जहर का इंजेक्शन लगाए थे। करीब आधा दर्जन गांवों में 12 से अधिक पशुओं को मारा जा चुका है। ठेकेदार इमरान और रिजवान का 20 लोगों का गिरोह पशुओं को मारने का काम करता है। इंचौली थाने में चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
इंचौली थाना क्षेत्र के साधारणपुर निवासी बॉबी ने बताया रविवार सुबह उनकी भैंस मृत मिली। उन्होंने मृत मवेशी उठाने वालों को फोन किया तो वह 20 मिनट में ही आ गए। उनकी गाड़ी में एक मृत भैंस और भी थी। शक होने पर उन्होंने पूछताछ शुरू की तो श्यामनगर निवासी सकिब भाग गया और समर गार्डन निवासी फरमान को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। भीड़ ने जमकर पिटाई की। फरमान ने बताया कि दो दिनों के अंदर आसपास के गांवों में पशुओं को जहर का इंजेक्शन उसने ही लगाया था।
यह सुनकर ग्रामीण उग्र हो गए और बुरी तरह पीटकर कमरे में बंद कर दिया। जानकारी पाकर गांव निवासी राजेंद्र सिंह, नंगली निवासी मलखान, कुनकुरा निवासी लोकेश, इंचौली निवासी शोएब आदि भी पहुंच गए। सभी ने अपने पशुओं के बारे में जानकारी दी। सूचना पर इंचौली पुलिस पहुंच गई और आरोपी को थाने ले जाने लगी। इस पर ग्रामीण मौके पर एसडीएम, सीओ सदर देहात को बुलाने और मवेशियों के मुआवजे की मांग करने लगे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें समझाया और आरोपी को थाने लेकर आई।
-
इंचौली थाने में छह लोगों ने दी तहरीर, केस दर्ज
घटना में छह लोगों ने इंचौली थाने में सामूहिक तहरीर दी और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। सीओ सदर देहात शिवप्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर पर किठौर निवासी ठेकेदार रिजवान, इमरान, शाकिब और फरमान पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
-
भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा
घटना की जानकारी मिलने पर किठौर पूर्व विधायक सत्यवीर त्यागी, रजपुरा मंडल अध्यक्ष मोनू चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ता पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों पर कार्रवाई को लेकर हंगामा किया। उन्होंने पूरे गिरोह को पकड़ने की मांग की। मोनू चौधरी ने कहा कि वे पीड़ितों के साथ हैं। सोमवार को उनके साथ मिलकर उच्चाधिकारियों से इस मामले को लेकर मुलाकात करेंगे।
मृत पशुओं का मांस होटलों में करते हैं सप्लाई
ग्रामीणों के मुताबिक पूछताछ में फरमान ने बताया कि किठौर निवासी ठेकेदार इमरान और रिजवान ने करीब 20 लोगों का गैंग बनाया हुआ है। गिरोह के सदस्य आसपास के गांवों में घूमकर पशुओं को जहर का इंजेक्शन लगाते हैं। कुछ घंटों में पशु की मौत हो जाती है। फिर ये मृत पशु को उठाने पहुंच जाते है। वह हसनपुर में तालाब के पास इन पशुओं को काटकर बेच देते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि मृत पशुओं का मांस होटलों पर भी सप्लाई करते हैं।
-
वर्जन
- ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़ा है, जो पशुओं को जहर देकर मारता था। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में लगी है। जल्द पूरे गिरोह का खुलासा कर दिया जाएगा। - राकेश कुमार मिश्रा, एसपी देहात