विद्युत निगमकर्मी की अभद्रता का ऑडियो वायरल
मवाना। विद्युत निगम के दफ्तर में फोन परफाल्ट की जानकारी करने पर उपभोक्ताओं को अभद्रता का सामना करना पड़ता है। हालांकि अधिकारी इस ओर ध्यान देने को तैयार नहीं हैं। संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन ने ऐसा ही ओडियो जारी किया है। जिसमें फाल्ट के संबंध में सही जानकारी देने के बजाय फोन उठाने वाला कर्मचारी अभद्रता करता है। उसका कहना है कि उसने टेलीफोन एक्सचेंज में नौकरी नहीं कर रखी है। वहीं, संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष का कहना है कि स्थानीय अधिकारियों को बिजली कटौती के संबंध में जानकारी नहीं रहती है। इसकी शिकायत की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि नगर के लोगों की लगातार शिकायत रहती है कि बिजलीघरों पर फोन नहीं उठता है। कई बार हादसा होने पर भी समय से फोन नहीं उठने की लोगों ने शिकायत की है। विद्युत निगम की कार्यशैली में कोई अंतर नहीं आया है। वहीं, संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष शैवाल दुबलिश ने ओडियो वायरल किया है। जिसमें बिजलीघर पर होने वाले फाल्ट के संबंध में जानकारी मांगी जाती है। फोन उठाने वाला कर्मचारी ठीक से जवाब नहीं देता है। इस पर उपभोक्ता द्वारा ठीक से जवाब देने को कहने पर कर्मचारी द्वारा जवाब मिलता है कि उसने टेलीफोन एक्सचेंज में नौकरी नहीं कर रखी है। संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष शैवाल दुबलिश का कहना है कि इस संबंध में आला अधिकारियों से शिकायत कर इस प्रकार का व्यवहार करने वाले कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। वहीं, उन्होंने बताया कि नगर में होने वाली कटौती क्यों और कितने समय के लिए हो रही है। इसकी जानकारी अधिकारियों को नहीं रहती है। इसकी भी शिकायत आला अधिकारियों से की जाएगी। वहीं, अधिशासी अभियंता एसके निर्भय का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसा है तो कर्मचारियों को व्यवहार में सुधार लाने के लिए समझाया जाएगा।