कपसाड़ निवासी ग्रामीण से उसकी पत्नी की खतौली के प्राथमिक स्कूल में नौकरी दिलाने का दिया था झंासा
पीड़ित ने 18.25 लाख रुपये दिए, बाकी रकम नौकरी लगने के बाद देने का आश्वासन दिया
अमर उजाला ब्यूरो
सरधना। कपसाड़ गांव में सोमवार को पंचायत हुई। इसमें कपसाड़ निवासी ग्रामीण रामअवतार द्वारा पत्नी की खतौली के प्राथमिक विद्यालय में नौकरी दिलाने के नाम पर सांसद के करीबी पर 18.25 लाख रुपये देने का आरोप लगाया। इस मामले में दो बार पहले भी पंचायत हो चुकी है। सोमवार को आयोजित पंचायत में मामले को शांतिपूर्वक निपटा दिया गया।
कपसाड़ गांव में रामचरण मुखिया के घेर में पंचायत हुई। इसमें रामअवतार ने खतौली के एक प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य की नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 24 लाख रुपये सांसद डॉ. संजीव बालियान के नजदीकी पर तय करने की जानकारी दी। इसमें से 18 लाख 25 हजार रुपये दिए। उसने नौकरी नहीं दिलाने पर रकम वापस नहीं करने का आरोप लगाया। विधायक संगीत सोम के प्रयास व चौबीसी के लोगों के सख्त रवैये के चलते सोमवार को फिर पंचायत की। पंचों की मध्यस्थता में मामला निबटा दिया गया। 3 मार्च से 4 अप्रैल के बीच तीन किस्तों में 18 लाख 25 हजार लिये जो कि बाद में सात लाख से अधिक रुपये पूर्व में भी सांसद संजीव बालियान के प्रयास से वापस कराए थे। अब 10 लाख रुपये से अधिक शेष बचे थे। यहां पर मंगलवार तक पांच लाख 35 हजार रुपये देने की बात हुई। शेष रुपये जल्द लौटाने पर सहमति बनी। इसके बाद मामला निपटा दिया। पंचायत में शामिल लोगों ने रुपये वापस कराने के लिए सांसद डॉ. संजीव बालियान एवं विधायक संगीत सोम के अथक प्रयास की सराहना की। पंचायत का संचालन कोमल सोम मुजाहिदपुर ने किया। यहां सुनील प्रधान, जिलामंत्री भाजपा अक्खेपुर, रेशपाल सिंह पूर्व प्रधानाचार्य जनता आदर्श इंटर कॉलेज कपसाड़, पूर्व प्रधान सदनपाल, फेरू सिंह, रमेश कुमार, राजवीर सिंह, बड़ौत नगर पालिका के चेयरमैन अमित राणा, नितिन राणा बड़ौत आदि शामिल रहे।
वर्जन
नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये के लेनदेन का मामला मेरे संज्ञान में तब आया जब कुछ ग्रामीण मेरे से मिले थे। मैंने पहले प्रयास करके सात लाख रुपये से अधिक वापस कराये थे। मैं सच्चाई के साथ हूं। कपसाड़ निवासी रामअवतार को न्याय दिलाने में उसके साथ हैं। चौबीसी मेरा घर है। मैं घर के किसी व्यक्ति को परेशान नहीं होने दूंगा।-डॉ. संजीव बालियान, सांसद मुजफ्फरनगर
मामला मेरे संज्ञान में आया था। ग्रामीणों ने पहली पंचायत में मुझे बुलाया और पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। मैंने पीड़ित को न्याय दिलाने का भरोसा दिया था। पीड़ित को न्याय अवश्य मिलेगा।-सगीत सोम विधायक सरधना
मेरी पत्नी को नौकरी दिलाने के नाम पर जो रुपये दिए थे। उनमें से कुछ रुपये वापस आ चुके हैं। बाकी जल्द वापस कराने का आश्वासन दिया है। मेरा अब सांसद से कोई विरोध नहीं है। मैं और मेरे साथ इस लड़ाई में शामिल लोगों का आभार व्यक्त करता हूं।-रामअवतार, कपसाड़