दूल्हे-बाराती, पुलिस-परीक्षार्थी सभी जाम में फंसे
- जानी गंगनहर पुल पर लगा कई किमी लंबा जाम
जानीखुर्द। जानी गंगनहर पुल पर शनिवार को लगा लंबा जाम लोगों की लिए आफत बना रहा। जाम में दूल्हों की कार व बारातियों की बस फंसी रहीं। वहीं परीक्षा देने आए परीक्षार्थी भी फंस गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया पर कुछ देर बाद फिर लग गया। देर शाम तक मेरठ-बागपत और कांवड़ मार्ग पर सड़कों पर लंबी लाइन रही।
मेरठ-दिल्ली हाईवे पर लगे जाम के बाद वाहनों को कांवड़ मार्ग पर डायवर्ट कर दिया। इसके चलते जानी गंगनहर पुल पर भी शनिवार दोपहर भीषण जाम लग गया। नियमों का उल्लंघन करते हुए जल्दी निकलने के चक्कर में जाम के दौरान रांग साइड से आए वाहन चालकों ने पूरी रोड चोक कर दी। जिससे दूसरी साइड जाने वाले वाहनों काफी देर तक खड़े रहे। जाम में बारात लेकर जा रहे कई दूल्हों की कार, बारातियों की बस भी फंस गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह वाहनों को रांग साइड से हटवाकर यातायात शुरू किया। पर कुछ ही देर बाद फिर से जाम लग गया। वहीं, बागपत से टीजीटी/पीजीटी का पेपर देने आये सैकड़ों परीक्षार्थी जाम में फंस रहे। पेपर में लेट होने के डर से परीक्षार्थी वाहन छोड़ करीब दो किमी. तक पैदल चले उसके बाद अन्य साधनों से परीक्षा केंद्र तक पहुंचे। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन भी जाम में फंस गए। अधिकारी जानी थाना पुलिस से जाम खुलवाने की वार्ता करते नजर आए। देर शाम तक मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।
भीषण जाम से लोग हलकान
मवाना। नगर में भीषण जाम से शनिवार को लोगों को जूझना पड़ा। गन्ने से भरे ट्रैक्टर-ट्राली व भैंसा-बुग्गी के कारण मेरठ-पौड़ी मार्ग पर जाम लग गया। व्यापारियों व सभासदों के सुझाव के बाद भी प्रशासन नगर के लोगों को जाम से मुक्ति नहीं दिला सका। जिस कारण नगर में जाम लोगों के लिए नासूर बना हुआ है। शनिवार को भी गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्राली व भैंसा-बुग्गी के कारण नगर में भीषण जाम लग गया। नगर पालिका द्वारा मेरठ-पौड़ी मार्ग पर प्लास्टिक के डिवाइडर लगाकर जाम से मुक्ति दिलाने का आश्वासन दिया गया था। परंतु यह सुझाव भी कागजों तक ही सिमट कर रह गया। अधिकारियों के आने पर तहसील अधिकारी पुलिस व्यवस्था कराकर जाम खुलवा देते है, परंतु नगरवासी दिनभर जाम से जूझते रहते है। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि शनिवार को जाम लगने की सूचना मिलने पर जाम खुलवा दिया गया था। पुलिस मुख्य चौराहों पर तैनात की गई है ताकि जाम न लग सके।