मवाना। किसान एकता संघर्ष संगठन के नेतृत्व में किसानों ने शुक्रवार को मांगे पूरी नहीं होने पर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा तथा टंकी पर चढ़कर धरना देने की चेतावनी दी।
अध्यक्ष शौकीन गुर्जर ने बताया कि किसानों के गन्ना मूल्य भुगतान एवं ब्याज को लेकर उनका संगठन लगभग तीन माह से धरना दे रहा है। उनकी गन्ना विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने नहीं सुनीं। किसानों ने शुक्रवार को केंद्रीय खाद्य एवं रसद मंत्री के नाम ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। उन्होंने चेताया कि किसानों के सब्र का बांध टूटता जा रहा है। आर्थिक संकट से जूझ रहा किसान अब तहसील परिसर स्थित टंकी पर चढ़कर धरना देने को तैयार हैं। किसानों ने इस दौरान घोषणा पत्र भरवाने के नाम पर लेखपाल द्वारा सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया। तहसीलदार अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि किसानों से लिखित में शिकायत मांगी है। यदि लेखपाल दोषी हुआ तो कार्रवाई होगी। यहां अमित पंवार, मांगेराम, मदन शर्मा, ओमपाल, महावीर, देव शर्मा आदि मौजूद रहे।