सीवर लाइन डालते समय गहरे गड्ढे में गिरी पोर्कलेन
- चालक सहित पांच लोग बाल-बाल बचे
- आसपास के कई मकानों में भी आ गई दरारें
मेरठ। कमेला जोन में ढबाई नगर के सामने ओडियन नाले की पटरी पर सीवर की मुख्य पाइप लाइन डालते समय पोर्कलेन मशीन गहरे गड्ढे में गिर गई। जिसमें पोर्कलेन चालक सहित चार लोग मशीन के नीचे दबने से बाल-बाल बच गए। सीवर लाइन डाल रहे कर्मचारी ही नहीं बल्कि आसपास के लोगों में भी भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने चालक और मजदूरों को पाइप लाइन के लिए खोदे गए गड्ढे से निकाला। सूचना पर पहुंचे युवा सेवा समिति के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। आरोप लगाया कि खुदाई के दौरान पड़ोस के कई मकानों में दरारें आ गई हैं। मौके पर पहुंचे एसीएम को चेतावनी दी कि अगर मकानों में दरारें आई तो युवा सेवा समिति के सदस्य यहीं पर धरना देकर बैठेंगे।
जल निगम कमेला जोन में सीवर लाइन डालने का कार्य करा रहा है। कमेला पुलिस चौकी से शास्त्रीनगर की ओर ओडियन नाले की पटरी पर सीवर की मुख्य पाइप लाइन डाली जा रही है। जिसके लिए नाले की पटरी पर लगभग आठ-नौ फिट गहरे गड्ढे खोदे जा रहे हैं। रविवार को पोर्कलेन मशीन से गड्ढा खोदने के बाद पाइप डाला जा रहा था। काम करते समय मशीन वापस खाई में जा गिरी। गड्ढे में पाइप लाइन पर काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने पोर्कलेन चालक और मजदूरों को गड्ढे से बाहर निकाला। सूचना पर युवा सेवा समिति के बदर अली आदि लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आरोप लगाया कि सीवर लाइन के लिए खुदाई के दौरान किनारे खड़े मकानों की दीवारों में दरारें आ गई हैं। जिसको लेकर युवा सेवा समिति के सदस्यों ने हंगामा कर दिया। फिलहाल कार्य रुक गया है।