मेरठ। दूसरी तहसीलों में भेजने के विरोध में संविदा लाइनमैन चौथे दिन भी हड़ताल पर रहे। जिसके कारण बिजली व्यवस्था पटरी से उतरती जा रही है। व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए पीवीवीएनएल ने आउट सोर्सिंग पर आईआईटीआई हाईस्कूल पास लाइनमैनों की भर्ती खोल दी है।
पीवीवीएनएल में लगभग 14 हजार लाइनमैन संविदा पर काम करते हैं। विभाग ने निर्णय लिया कि सभी संविदा वाले लाइनमैनों को एक तहसील से दूसरी तहसील में भेजा जाएगा। इस निर्णय के विरोध में सभी संविदा लाइनमैन चार दिन से हड़ताल पर हैं। शनिवार को भी लाइनमैनों ने ऊर्जा भवन पर धरना प्रदर्शन किया। संविदा कर्मचारी एसो. के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महामंत्री अमित खारी ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के कारण दो दिन धरना नहीं होगा। मंगलवार को फिर से आंदोलन किया जाएगा। उधर, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता शहर संजीव राणा ने बताया कि विभाग ने आउट सोर्सिंग के माध्यम से कुशल और अकुशल लाइनमैनों की भर्ती खोल दी है। ताकि बिजली व्यवस्था में सुधार किया जा सके। हालांकि माना जा रहा है कि नई भर्ती होने वाले लाइनमैन कई माह में शहर को समझ पाएंगे।