एनसीसी कैडेट्स ने लिया हथियार चलाने का प्रशिक्षण
मेरठ/मोदीपुरम। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं तकनीकी विवि में 70 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में चल रहे 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में चौथे दिन शनिवार को कैडेट्स ने निशानेबाजी और हथियार चलाने की ट्रेनिंग ली। साथ ही एड्स और अन्य रोगों के बारे में उन्हें जानकारी दी गई।
कैडेट्स को पीटी का अभ्यास कराया गया। थल सेना शिविर में चयन के लिए निशानेबाजी प्रतियोगिता का आयोजन कर्नल संजय नागी के नेतृत्व में किया गया। कैडेट्स ने स्नैप, एप्लीकेशन और ग्रुप पोजिशन से फायरिंग में अपना दमखम दिखाया। कैडेट्स को सेहत और सफाई के बारे में बताया गया। ड्रिल का दैनिक अभ्यास करते हुए तेज चाल से दाहिने और बाएं मुड़ना सिखाया गया। हवलदार सुशील कुमार ने .22 राइफल के खोलने जोड़ने का अभ्यास कराते हुए 7.62 एमएम एसएलआर के हिस्से पुर्जों और फायर करने केतरीके के बारे में विस्तार से समझाया। कैडेट्स को मानचित्र और दिशाओं का ज्ञान कराया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौराला से डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा ने कैडेट्स को एड्स, कैंसर, मधुमेह, सामान्य स्वास्थ्य और नशाखोरी से होने वाले नुकसान के विषय में समझाते हुए नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज बनाने के लिए शपथ दिलाई। शाम के सत्र में कैडेट्स को वॉलीबॉल, फुटबाल और रस्साकसी खेल खिलाए गए। कैंप में कमांडेंट कर्नल अनुज चतुर्वेदी, कमांडेंट कर्नल आरपी श्रीवास्तव, कैप्टन पीएम तिवारी, आलोक कुमार यादव, राकेश रोशन, सुरेश पाराशर, हिमांशु यादव आदि रहे।
वहीं मोदीपुरम में हवलदार गुरदयाल सिंह एवं नायाब सूबेदार राकेश कुमार द्वारा 22 रायफल के भागों के नाम तथा शिस्ट लेने का अभ्यास किया। मुख्य अतिथि दौराला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. प्रदीप शर्मा ने कैडेट्स को विभिन्न बीमारियों के बचाव के उपाए समझाए और नशे से दूर रहने का आह्वान किया। कर्नल अनुज चतुर्वेदी, कर्नल आरपी श्रीवास्तव, कैप्टन पीएम तिवारी, कैप्टन एसपी यादव, सुबोध कुमार, अलका त्रिवेदी, इंद्रकुमार सिंह चौहान, हंसराज, वीरेंद्र कुमार, घनश्याम गोपे, विशाल कुमार, विकास सिंह, धीर सिंह, आलोक कुमार, राकेश रोशन, सुरेश पाराशर, हिमांशु यादव आदि मौजूद रहे।