मेरठ। दिल्ली रोड स्थित एक फैक्ट्री में शनिवार को प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम ने सील लगा दी। यह कार्रवाई मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार के निर्देश पर की गई है। जिसमें फैक्ट्री के आसपास के लोगों ने कई बार कमिश्नर से शिकायत कर फैक्ट्री के पानी से प्रदूषण का आरोप लगाया था।
यह फैक्ट्री चिप्स बनाने की है। आरोप है कि फैक्ट्री से जो दूषित पानी निकलता है उसकी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। जिससे दूषित जल से आसपास के लोग परेशान थे। कई बार इसकी शिकायत पुलिस और प्रशासनिक अफसरों से की गई थी। बाद में मामला कमिश्नर के पास पहुंचा तो जांच बैठा दी गई। जिसके बाद कमिश्नर ने प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारियों से पूरे मामले में रिपोर्ट मांगी।