मेरठ। गुरु ग्रंथ और गुरु पंथ सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को गुरु ग्रंथ साहिब प्रचार सोसायटी के तत्वावधान में विशाल खालसा चेतना मार्च वाहनों से निकाला गया।
गुरुद्वारा सचखंड साहिब गुरु नानक नगर से प्रारंभ होकर दिल्ली रोड, खूनीपुल, बेगमपुल, मवाना रोड, इंचौली होते हुए जन्म स्थली पंज प्यारा भाई धर्मसिंह सैफपुर पहुंचा। चेतना मार्च में सबसे आगे सिख नवयुवक स्कूटर एवं मोटर साइकिलों पर केसरी निशान साहिब लेकर जयकारे लगाते चल रहे थे। खालसायी शान का प्रतीक नगाड़ा बज रहा था। छोटे सिख बालक खालसायी वेशभूषा में, गुरु की लाडली फौज निहंग सिंह प्राचीन परंपरा की वेशभूषा में तो बालिकाएं सिख वीरांगनाओं की वेशभूषा में रही। सोसायटी के प्रमुख सेवादार स. रणजीत सिंह जस्सल ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह ने खालसा पंथ की स्थापना की। उधर, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा थापर नगर में विशेष समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाई बलवंत सिंह, प्रीतम सिंह, ज्ञानी प्रेम सिंह, स. रणजीत सिंह नंदा, स. जसवीर सिंह, देवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।