मेरठ। नगर निगम की शनिवार को आयोजित बजट बोर्ड बैठक हंगामेदार रही। शहर में पसरी गंदगी को लेकर नगर स्वास्थ्य अधिकारी पार्षदों से लेकर नगरायुक्त और महापौर के निशाने पर रहे। बोर्ड ने जहां उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया तो नगरायुक्त ने कार्यप्रणाली से नाराज होकर प्रतिकूल प्रविष्टि दे दी। महापौर ने भी सदन के सवालों का जवाब देने के निर्देश दे दिए। दूसरी अहम बात यह रही कि सभी दलों के पार्षद अधिकारियों को घेरने के साथ एक-दूसरे के प्रस्तावों पर ताली बजाते नजर आए। वहीं, पार्षदों ने बिना चर्चा किए ही 450 करोड़ रुपये का मूल बजट पास कर दिया।
महापौर सुनीता वर्मा की अध्यक्षता में टाउन हॉल के तिलक भवन में आयोजित बोर्ड बैठक का संचालन नगरायुक्त मनोज चौहान ने किया। बैठक की शुरूआत वंदेमातरम से की गयी। लेकिन इस बार फिर मुस्लिम पार्षदों को वंदेमातरम पर सदन से बाहर जाने की याद आ गयी। इसके बाद सदन ने शहर में गंदगी का मुद्दा उठाते हुए नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुंवर सेन को कार्यप्रणाली सुधारने के लिए 15 दिनों का अल्टीमेटम दे दिया।
कार्रवाई पहले नगरायुक्त पर, मुझ पर क्यों
नगर स्वास्थ्य अधिकारी सदन में ठीक से जवाब देने की बजाय गाड़ी न होने की बात बोलने लगे तो सदन में हंगामा हो गया। नगरायुक्त के सफाई कर्मियों के आंकड़े मांगने और लापरवाह कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की बाबत जवाब मांगने पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी बगले झांकने लगे। सदन के मुखर होने पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी बोले कि कार्रवाई होगी तो पहले नगरायुक्त के खिलाफ, मुझ पर क्यों होगी। भाजपा पार्षद विपिन जिंदल ने कहा कि अगली बैठक में बोर्ड ही नगर स्वास्थ्य अधिकारी को रिलीव करेगा।
सम्मान के साथ होगा गोमाता का अंतिम संस्कार
पार्षद गफ्फार ने निगम एक्ट की धारा 396 में पशुओं के शव निस्तारण की व्यवस्था पर प्रस्ताव रखते हुए कहा कि हमारे देश में गाय को माता का स्थान दिया जाता है। लेकिन शव निस्तारण सम्मानजनक तरीके से नहीं हो रहा है। अब भविष्य में शहर में मरने वाली प्रत्येक गाय के शव का निस्तारण हिंदू रीति रिवाजों के अनुसार सरकारी खर्च पर होना चाहिए। मुर्दा मवेशी के लिए स्थान चिह्नित होना चाहिए। निगरानी के लिए एक अधिकारी की जिम्मेदारी तय हो। यह प्रस्ताव बोर्ड ने पास कर दिया।
पाल होटल के लिए बनेगी कमेटी
पार्षद धर्मवीर ने निगम अधिकारियों से पाल होटल के बेचे जाने, अवैध निर्माण की स्वीकृति देेने वाले अधिकारियों के नामों की जानकारी मांगी। होटल में बनी दुकानों पर सील लगाने की मांग की। जिस पर नगरायुक्त ने कहा कि पार्षदों की एक कमेटी बनाकर इस पर निर्णय लिया जाएगा।
बैठक की खास बातें
- केबिल नेटवर्क व्यवसाय से प्रत्येक खंभे के हिसाब से किराया वसूला जाए
- पशु शव निस्तारण के लिए लगेगा ऑटोमेटिक प्लांट, शासन को जाएगा प्रस्ताव
- सोलर सिस्टम से चलेंगे तिलक हॉल के एसी, पंखे और अन्य उपकरण
- नहीं शुरू हुई पल्हेड़ा की पानी की टंकी, पार्षद राजकुमार बोले कि भगवतपुरा में टूटी पड़ी है पाइप लाइन
- पार्षद पूनम गुप्ता ने कहा, बसंत कुंज में कुत्तों का आतंक, एक कुत्ते ने 32 लोगों को काटा, नगरायुक्त ने कहा दोगुना होगा जुर्माना, जल्द होगी कुत्तों की नसबंदी
- दिल्ली चुंगी तिराहे पर महाराज अजमीढ़ की प्रतिमा लगेगी
- मेट्रो प्लाजा चौराहे पर महाराज अग्रसेन की प्रतिमा लगेगी
- गोलाबढ़ में तालाब विकसित होगा
- प्रत्येक वार्ड में बनेंगे कक्ष, पार्षद और सफाई इंस्पेक्टर बैठेंगे
यूजर चार्ज का प्रस्ताव खारिज
नगरायुक्त ने डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की व्यवस्था शुरू करने के लिए 400 आउट सोर्स कर्मियों के रखने और जनता से यूजर चार्ज वसूलने का प्रस्ताव रखा। पार्षद ललित नागदेव ने गाजियाबाद सहित कई शहरों में यूजर चार्ज न वसूले जाने का हवाला देते हुए यह प्रस्ताव खारिज कर दिया। नगरायुक्त ने कहा अगर प्रस्ताव पास नहीं होगा तो 21 करोड़ के वाहन नहीं खरीदे जाएंगे और व्यवस्था शुरू नहीं हो पाएगी।
नहीं बढ़ेगा लाइसेंस शुल्क
महानगर में होटल, गेस्ट हाउस, अस्पताल सहित 74 प्रकार के प्रतिष्ठानों पर लाइसेंस शुल्क बढ़ाने का प्रस्ताव खारिज हो गया। पार्षदों ने पहले शहर के सभी छूटे प्रतिष्ठानों से लाइसेंस शुल्क वसूली की बात कही।
खास बातें
- नगर निगम की बजट बोर्ड बैठक में 450 करोड़ रुपये का बजट बिना चर्चा के पास
- शहर की सफाई के मुद्दे पर नगरायुक्त और नगर स्वास्थ्य अधिकारी आमने-सामने
- सदन का नगर स्वास्थ्य अधिकारी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव, नगरायुक्त ने दी प्रतिकूल प्रविष्टि