आबूलेन पर फव्वारा चालू, चकाचक होंगी सड़कें
मेरठ। आबूलेन पर सालों से बंद पड़े फव्वारे को कैंट बोर्ड ने सोमवार को चालू करा दिया। कुछ लाइटें मंगलवार को ठीक करा दी जाएंगी। वहीं, डेयरी फार्म के पास उगी झाड़ियों को कटवाकर साफ करा दिया है। मेनहोल के ढक्कन ठीक कराए जा रहे हैं। 31 मार्च तक इलाके में टूटी सड़कों को बनाने का काम भी शुरू हो जाएगा।
आबूलेन पर डेढ़ साल पहले बाजार को खूबसूरत बनाने के लिए पौधे, तोप आदि लगवाए गए थे। राजमहल होटल के सामने फव्वारा लगवाया गया था। हालांकि कुछ दिन चलने के बाद फव्वारा बंद हो गया। धीरे-धीरे तोपें गायब हो गईं और पौधे भी सूख गए। सोमवार को कैंट सीईई अनुज सिंह ने टीम को लगाकर पौधे और गमलों को साफ कराया। फव्वारे को भी चालू कराया। सीईई अनुज सिंह ने बताया कि 31 मार्च तक कैंट में टूटी सड़कों को बनाने का काम शुरू हो जाएगा। अप्रैल महीने में कैंट में कहीं टूटी सड़क नजर नहीं आएगी। टेंडर जारी हो चुके हैं। काम शुरू होने वाला है।
माल रोड पर नहीं चलेंगे ई-रिक्शा
सीईई अनुज सिंह ने बताया कि माल रोड पर बैलगाड़ी, ई-रिक्शा ठेले नहीं चलने दिए जाएंगे। इसको लेकर एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेई से बात की जा रही है। रोजाना ट्रैफिक पुलिस के साथ अभियान चलाया जाएगा।
पशुओं को बांधकर रखें
कैंट बोर्ड अफसरों की तरफ से लोगों से अपील की गई है कि कैंट को स्मार्र्ट बनाने में योगदान दें। अपील की गई है कि लोग अपने पशुओं को बांधकर रखें ताकि पशुओं की वजह से सड़कों पर हादसे न हों।
खास बातें:
लगाए जा रहे मेनहोल के ढक्कन, डेयरी फार्म के पास काटीं झाड़ियां
31 मार्च से पहले शुरू हो जाएगा टूटी सड़कें बनाने का काम