न्यायिक अधिकारी के ससुर को जेल भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। न्यायिक अधिकारी राज कुमार सिरोही के खिलाफ हाईकोर्ट में फर्जी शिकायत करने पर ससुर उम्मेद सिंह को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। मामला थाना सिविल लाइन इलाहाबाद में दर्ज हुआ था।
न्यायिक अधिकारी राज कुमार सिरोही पर आगरा निवासी उनकी पत्नी मुस्कान व उसके परिजनों ने दहेज मांगने का आरोप लगाया था। साथ ही दस्तावेजों की कूट रचना कर दहेज के मामले में झूठी शिकायत उच्च न्यायालय इलाहाबाद में की थी। फर्जी मामले के संज्ञान में आने पर थाना सिविल लाइन में न्यायिक अधिकारी के ससुराल वालों के खिलाफ 467, 468, 471 आईपीसी के तहत मामला दर्ज हुआ। इस पर पुलिस ने जज के ससुर उम्मेद सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। न्यायालय को अवगत कराया गया कि पूर्व में भी आरोपी के खिलाफ तमाम गंभीर मामलों में एफआईआर दर्ज है। न्यायालय ने उम्मेद सिंह की जमानत प्रार्थना पत्र को खारिज करते हुए जेल भेज दिया।