मवाना। मवाना शुगर मिल अंर्तगत फिटकरी क्रय केंद्र पर तौल शुरू कराने के लिए सोमवार को गन्ना किसान सचिव से मिले। इस पर सचिव ने तत्काल क्रय केंद्र पर तौल शुरू कराने का किसानों को आश्वासन दिया।
फिटकरी गांव निवासी ओमवीर प्रधान, कपिल गुर्जर, सहेंदर, नीरज, राजू चौधरी, संजय, नकुल आदि ने बताया कि उनके गांव में मवाना शुगर मिल का क्रय केंद्र है। आरोप है कि मवाना शुगर मिल ने चलती हुई तौल को बंद करा दी थी। हालांकि किसानों का अब भी खेतों में गन्ना खड़ा है। जिस कारण किसान गन्ना क्रय केंद्र पर नहीं डाल पा रहे थे। किसान इस समस्या को लेकर सोमवार को सहकारी गन्ना विकास समिति के विशेष सचिव प्रदीप शर्मा से मिले और उन्हें मामले की जानकारी से अवगत कराया। किसानों ने बताया कि उनका इंडेंट एवं पर्ची कम भेजी जा रही थीं। समिति सचिव ने किसानों की समस्या सुनने के बाद तत्काल क्रय केंद्र पर तौल चालू कराने के निर्देश दिए। इस पर किसान लौट गए। सचिव प्रदीप शर्मा ने बताया कि तौल शुरू करा दी है। किसानों का पूरा गन्ना खरीदा जाएगा।