सोफिया में 6 सेंट मेरीज में 7 अप्रैल को होगा ओरिएंटेशन प्रोग्राम
- सोफिया और सेंट मेरीज में दाखिले के लिए मंगलवार से जमा हुई फीस
मेरठ। सेंट मेरीज में दाखिले के लिए मंगलवार सुबह से माल रोड स्थित यूनियन बैंक की शाखा में फीस जमा कराने को अभिभावकों की भीड़ लगी रही। बुधवार को फीस जमा करने का अंतिम दिन है। वहीं, सोफिया में भी स्कूल की वेबसाइट पर ऑनलाइन और स्कूल में फीस जमा की गई। बुधवार को सोफिया में भी फीस जमा करने का अंतिम दिन है। वहीं, केवी में आज पहली सूची वाले छात्र-छात्राओं के दाखिले का अंतिम दिन है। सोफिया में 5 अप्रैल को और सेंट मेरीज में 6 अप्रैल ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में इस सत्र में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को स्कूल के बारे में जानकारी देने के साथ ही, सिलेबस, नियम-कायदे व अन्य जानकारी दी जाएगी।
सोफिया गर्ल्स स्कूल में एलकेजी में दाखिले के लिए सालभर की फीस एकमुश्त जमा करनी है। मंगलवार को अभिभावकों ने स्कूल में और वेबसाइट पर फीस जमा की। बुधवार को फीस जमा करने की अंतिम तिथि है। सोफिया में पिछले वर्ष एलकेजी की फीस 51 हजार रुपये थी। इस वर्ष फीस 53,900 रुपये कर दी गई है। अभिभावकों को पूरी फीस एकमुश्त जमा करनी होगी। फीस जमा करने के बाद स्कूल से अन्य गाइड लाइन जारी की जाएगी। फीस एडमिशन फार्म के आईडी नंबर से जमा हो रही है।
सेंट मेरीज की फीस माल रोड स्थित यूनियन बैंक की शाखा में जमा होे रही है। सुबह से ही बैंक में अभिभावकों की भीड़ लगी रही। फीस जमा के बाद परिजनों को रसीद स्कूल में दिखानी होगी। टीसी भी जमा करानी होगी। पहली कक्षा में चयनित बच्चों को तिमाही फीस जमा करने की सुविधा स्कूल ने इस बार से दी है। 19,500 रुपये के करीब फीस प्राथमिक तौर पर जमा करानी होगी।
केवी में कक्षा दो से 9वीं तक के रजिस्ट्रेशन हुए शुरू
मेरठ। केंद्रीय विद्यालयों में पहली कक्षा में पहली सूची वाले दाखिलों का आज आखिरी दिन है। दूसरी सूची 9 अप्रैल व तीसरी सूची 23 अप्रैल को निकाली जाएगी। वहीं, मंगलवार से दूसरी से नौवीं कक्षा में खाली सीटों पर प्रवेश के लिए पंजीयन शुरू हो गए। इसके लिए सुबह से ही अभिभावकों की स्कूल के बाहर भीड़ रही।