लापरवाही की मार, स्वाइन फ्लू की भरमार
मेरठ। स्वाइन फ्लू का हमला लगातार जारी है। लापरवाही के कारण यह एक-दूसरे में फैल रहा है। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि स्वाइन फ्लू से पीड़ित मरीज द्वारा बिना किसी सावधानी के भीड़भाड़ भरे स्थान पर घूमने, थूकने, खांसने, छींकने, जांच न कराने और सही से इलाज न लेने के कारण यह और तेजी से फैल रहा है। बुधवार को भी 14 नए मरीज मिले हैं। इनमें 11 मेरठ के हैं, जबकि एक बुलंदशहर, एक मुरादाबाद और एक मुजफ्फरनगर का है।
बच्चों और बुजुर्गों के साथ-साथ स्वाइन फ्लू युवाओं पर भी हमला कर रहा है। इनमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि मेडिकल की माइक्रोबायोलॉजी लैब में हुई है। यह मरीज सिविल लाइंस, बागपत रोड, मेडिकल कॉलेज, पल्लवपुरम, टीपीनगर, दौराला, जागृति विहार, जवाहर क्वार्टर, साकेत, सदर खास आदि क्षेत्रों के रहने वाले हैं। मरीजों की उम्र तीन साल से लेकर 69 साल तक है। नवंबर 2018 से अब तक 225 लोगों को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इनमें तीन मरीजों की मौत हुई है।
मास्क की डिमांड
स्वाइन फ्लू का वायरस इन दिनों अपनी जड़े फैला रहा है, जिसके चलते मास्क की खरीदारी काफी की जा रही है। बचाव के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सक भी सर्दी जुकाम होने पर लोगों को मास्क लगाने की नसीहत दे रहे हैं। थोक बाजार में ही मास्क की रोजाना पांच से छह हजार की बिक्री हो रही है। खैरनगर में शर्मा सर्जिकल के संचालक मनोज शर्मा ने बताया कि तीनों तरह के मास्क के बिक्री हो रही है। प्रदूषण फैलने और स्वाइन फ्लू के दौरान बिक्री काफी होती है। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के महामंत्री रजनीश कौशल ने बताया कि स्वाइन फ्लू से बचने के लिए मास्क आवश्यक होता है इसका वायरस सांस के जरिए ही एक दूसरे में फैलता है ऐसे में मास्क की डिमांड काफी बढ़ गई है।
चाइनीज डबल फिल्टर मास्क
चाइनीज डबल फिल्टर मास्क की डिमांड इन दिनों बाजार में तेजी से हो रही है। इस मास्क में डबल प्रोटेक्शन लेयर लगी है जो हवा के दूषित कणों को फिल्टर कर साफ हवा को अंदर भेजती है इससे सांस लेने में दिक्कत नहीं होती है, इसकी कीमत बाजार में 100 से 150 रुपये के बीच है।
रेग्युलर मास्क
रेग्युलर मास्क कागज से बनी वह मास्क है, जो बाजार में 5 से 10 रुपये में उपलब्ध है। यह दो से 4 घंटे बाद ही बदलना पड़ता है। इसका सुरक्षा कवच स्वाइन फ्लू जैसी बीमारियों से अधिक कारगर नहीं होता है।
एन95 मास्क
यह थ्री लेयर वाले प्लास्टिक मास्क हैं, जिनकी कीमत बाजार में 150 से 200 रुपये है। स्वाइन फ्लू जैसी बीमारी से बचाव के लिए अधिकतर इसी मास्क को प्राथमिकता दी जाती है। इसकी मांग बाजार में काफी है।