टाटा-407से बाइक सवार को रौंदा, मौत
- सूचना पर पहुंचे परिजनों ने हापुड़-किठौर मार्ग किया जाम
किठौर। किठौर-हापुड मार्ग पर ग्राम शाहजमाल मोड़ के सामने शनिवार को टाटा 407 की टक्कर ने बाइक सवार एक युवक को रौंद दिया। जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और आर्थिक मदद की सहायता की मांग करते हुए हापुड किठौर मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
हापुड़ के ग्राम आरिफपुर सरावनी निवासी रहीशुद्दीन पुत्र फखरूद्दीन ने बताया की शनिवार दोपहर करीब एक बजे वह और उसका पुत्र आसिफ (25) अपनी-अपनी बाइक से किठौर से सामान लेकर गांव जा रहे थे। आगे-आगे आसिफ अपने बाइक से था। तभी हापुड़ रोड पर ग्राम शाहजमाल मोड़ के सामने से रांग साइड से तेज गति से आ रही टाटा 407 ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें आसिफ की मौके पर ही मौत हो गई। आसिफ की मौत की खबर सुनकर सैकड़ों लोग परिजनो के साथ सरावनी से मौके पर पहुंचे। आसिफ की दर्दनाक मौत देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है। जिसके बाद गुस्साए लोगों ने हापुड़ किठौर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रेमचंद शर्मा मौके पर पहुंचे और लोगों को हर संभव मदद का आश्वासन देकर शांत किया। जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस मामले में मृतक के पिता रईशुद्दीन ने चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।