पुरुषों से ज्यादा महिलाओं की हड्डियां निकलीं कमजोर
मेरठ। बागपत रोड स्थित केएमसी अस्पताल के फिजियोथेरेपी विभाग में शनिवार को निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 135 मरीजों की हड्डियों में कैल्शियम, ब्लड शुगर, नसों की जांच, बीएमआई और सभी प्रकार के हड्डी, जोड़ों, मांसपेशियों की जांच व थायरॉइड की अत्याधुनिक मशीनों से जांच कराई गई।
फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. रजनी यादव और उनकी टीम ने बताया कि 35 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं और पुरुषों की हड्डियों में कैल्शियम की कमी हो जाने के कारण कमर दर्द, गर्दन दर्द और हड्डी टूटने तक की समस्या सामने आने लगती है। अगर समय रहते इस कैल्शियम की कमी का पता चल जाए तो मामूली दवाओं के खाने से इसे रोका जा सकता है। उन्होंने बताया कि कैंप में आए मरीजों में पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं में कैल्शियम की कमी ज्यादा पाई गई। महिलाओं में थायरॉइड की कमी ज्यादा पाई गई, जिससे महिलाओं में मोटापे की शिकायत और कमर में दर्द ज्यादा रहता है। इस समस्या से निजात पाने केलिए नियमित रूप से फिजियोथेरेपी और एक्सरसाइज करते रहना चाहिए। इन्हें समस्या से निजात पाने के उपाय और व्यायाम भी बताए गए।