खेल उत्सव में खिलाड़ी दिखाएंगे दम
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई द्वारा बृहस्पतिवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य मे तीन दिवसीय खेल उत्सव का शुभारंभ किया गया। बस्ती के सांसद और युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हरीश द्विवेदी ने खेल उत्सव का उद्घाटन किया।
खेल उत्सव कार्यक्रम में क्रिकेट की 10 टीमें और फुटबाल की 12 टीमें भाग ले रही हैं। सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि भाजपा द्वारा खेल उत्सव, किसान उत्सव, पिछड़ा वर्ग उत्सव सहित विभिन्न उत्सव आयोजित किये जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को क्रिकेट के तीन और फुटबाल के चार मैच हुए। इसमें करन पब्लिक स्कूल और विक्टोरिया पार्क की टीमें जीतीं। जबकि फुटबाल में चंदा रेड, मोदीपुरम क्लब की टीम ने जीत दर्ज की।
कार्यक्रम के दौरान सांसद राजेंद्र अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष करुणेश नंदन गर्ग, महानगर मंत्री प्रवीन अग्रवाल, महानगर संयोजक खेल उत्सव युवा कला संगम आशीष प्रताप, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अरुण वशिष्ठ, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष बिजेंद्र अग्रवाल, क्षेत्रीय संयोजक वरुण गोयल, महानगर प्रभारी राहुल यादव, पूर्व विधायक अमित अग्रवाल, अजय गुप्ता, प्रवीन भड़ाना, नासिर सैफी, आशीष अग्रवाल, विभांशु वशिष्ठ, विनोद जाहिदपुर, प्रतीक शर्मा, रमन खुराना, जितेंद्र राणा, वरुण गोयल, भव्य त्यागी, गजेंद्र शर्मा, अनुराग, पीयूष शर्मा, राहुल, अशोक, हर्षित आदि मौजूद रहे।
37 करोड़ किसानों का हुआ कर्ज माफ
खेल उत्सव का शुभारंभ करने के बाद बस्ती सांसद हरीश द्विवेदी ने प्रेसवार्ता के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लघु व सीमांत किसानों के कर्ज माफी से लेेकर गन्ना भुगतान को लेकर उठाए गए सकारात्मक कदम को लोगों ने सराहा है। उन्होेंने कहा देश में 36 से 37 करोड़ किसानों का कर्जा माफ किया गया है। पार्टी का सपना उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का है। इस दौरान उन्होंने महंगाई के लिए पिछली सरकारों को दोषी ठहराया। उन्होंने कहा कि पिछले 15 सालों से जो व्यवस्था देश में चल रही थी। उसको बदलने में समय तो लगेगा। भाजपा देश के सभी क्षेत्रों में कार्यों को परिवर्तित कर रही है। जिसको परिणाम थोड़ी देर में सामने आएगा। इस दौरान उन्होंने बागपत में हुए नाव हादसे पर दुख प्रकट किया।
छोटी-छोटी गलतियां हो जाती हैं
किसानों की कर्जमाफी को लेकर सोशल साइट पर काफी चर्चा चल रही है। बताया गया कि कहीं 35 रुपये तो कहीं 27 रुपये किसानों का कर्ज माफ किया गया। इस पर सांसद हरीश द्विवेदी ने इसे टेक्निकल समस्या बताया। साथ ही कहा कि छोटी-छोटी गलतियां हो सकती हैं।
फोटो आर अश्विन का, नाम कपिल देव का
कैलाश प्रकाश स्टेडियम में खेल उत्सव के दौरान खिलाड़ियों के फोटो भी लगाए गए हैं। इसमें एक बोर्ड पर भारतीय टीम के खिलाड़ी आर. अश्विन का फोटो, लेकिन नाम कपिल देव का लिखा है। वहीं कार्यक्रम में मौजूद भाजपाइयों का इस ओर ध्यान ही नहीं गया।
खास बातें
पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में स्टेडियम में शुरू हुआ तीन दिवसीय खेल उत्सव
बस्ती के सांसद हरीश द्विवेदी ने किया उद्घाटन, पहले दिन हुए क्रिकेट और फुटबॉल मैच