मेरठ। स्वाइन फ्लू के दो और संदिग्ध मरीज मिले हैं। इनकी गले की लार के सैंपल जांच के लिए माइक्रोबायोलॉजी लैब में भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट मंगलवार को आएगी।
ये महिलाएं शास्त्रीनगर और कंकरखेड़ा की रहने वाली हैं। बुखार, खांसी और जुकाम की शिकायत है। निजी अस्पताल में इनका उपचार चल रहा था। वहां डॉक्टरों को इनमें स्वाइन फ्लू के लक्षण प्रतीत हुए तो उन्होंने इन्हें मेडिकल अस्पताल भेज दिया। मेडिकल अस्पताल की माइक्रोबायोलॉजी लैब में अभी इनकी स्वाइन फ्लू (एच1 एन1) की जांच नहीं हुई है। यहां की रिपोर्ट के आधार पर स्वाइन फ्लू की आधिकारिक पुष्टि मानी जाएगी। इन दोनों का फिलहाल मेडिकल अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में इलाज चल रहा है। पिछले करीब दो माह में मेडिकल अस्पताल की माइक्रोबायोलॉजी लैब में 48 सैंपलों की जांच हुई है, जिनमें से 26 मरीजों को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इनके अलावा मेरठ के दो मरीजों को जून में दिल्ली की लैब से स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। पांच मरीजों की मौत हो चुकी है, जिनमें से दो मेरठ के हैं।
खास बात
- दो माह में हो चुकी 48 सैंपलों की जांच, 26 मरीजों को स्वाइन फ्लू की पुष्टि
- पांच मरीजों की मौत हो चुकी, इनमें दो मरीज मेरठ के