मेरठ। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में ऑनलाइन पंजीकरण के दौरान सावधानी बरतें। इस बार अगर ऐसा नहीं किया गया और कोई गलत तथ्य भरा गया तो संशोधन का मौका नहीं मिलेगा। आवेदन को वेबसाइट पर अपलोड करने से पहले पूरी तरह से जांच कर ही आवेदन भरें।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए इन दिनों ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही है। इसकी अंतिम तिथि 20 अगस्त है। परीक्षा के लिए आवेदन करने के दौरान विद्यार्थी गलती कर देते हैं। पंजीकरण के दौरान आवेदन में भरी गई सूचना के आधार पर ही परीक्षा प्रवेश पत्र से लेकर अंक पत्र और प्रमाण पत्र भी तैयार होते हैं। गलत सूचना के कारण अंक पत्र और प्रमाण पत्र में वही छप जाता है। बाद में विद्यार्थियों को इसमें संशोधन के लिए विद्यालय से लेकर यूपी बोर्ड तक के चक्कर काटने पड़ते हैं। लिहाजा इस बार पहले से ही विद्यार्थियों के साथ-साथ प्रधानाचार्यों को भी सतर्क कर दिया गया है। मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) दिव्यकांत शुक्ल ने बताया कि निर्देश दिए गए हैं कि ऑनलाइन डाटा अपलोड करने की प्रक्रिया के दौरान विद्यालय जिनती बार चाहे पंजीकृत विद्यार्थियों के सभी विवरण की फोटोयुक्त चेकलिस्ट डाउनलोड कर उसे विद्यालय केअभिलेखानुसार संशोधित एवं परिवर्तित कर सकते हैं। इसके अलावा विद्यार्थियों से इसकी जांच करा सकते हैं, ताकि उसमें किसी तरह की गलती न रह जाए। इसके बाद ही उसे अंतिम रूप से यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड किया जाए। एक बार डाटा अपलोड हो जाने केबाद उसमें संशोधन नहीं हो सकेगा।
खास बात
- हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में ऑनलाइन आवेदन से पहले कर लें जांच
- पंजीकरण के लिए 20 अगस्त है आखिरी तिथि
- संशोधन नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को हो सकती है दिक्कत