अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
संविदा लाइनमैनों के बृहस्पतिवार शाम तक हड़ताल पर रहने के चलते विद्युत फाल्ट ठीक नहीं हो सके। घंटों तक बिजली नहीं मिलने से शहर के कई क्षेत्रों में हाहाकार मचा रहा। लोग पीने के पानी को भी तरस गए। दोपहर बाद अधिकारियों द्वारा मई माह तक वेतन तीन दिन के अंदर दिलाए जाने के आश्वासन के बाद हड़ताल खत्म हुई।
चार माह से वेतन नहीं मिलने और ठेकेदारों द्वारा ईपीएफ और इंश्योरेंस का लाभ नहीं दिलाए जाने से गुस्साए संविदा लाइनमैन अखिल भारतीय निविदा-संविदा कर्मचारी समिति के बैनर तले हड़ताल कर रहे थे। बुधवार को लाइनमैनों ने ऊर्जा भवन पहुंचकर बारिश में ही जोरदार प्रदर्शन किया था। अधिकारियों के साथ वार्ता विफल होने के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल का एलान कर दिया था। बारिश में हुए फाल्ट देर रात तक ठेकेदारों की लेबर से किसी तरह अटैंड कराकर आपूर्ति कराई गई थी। लेकिन इसके बाद लगातार होते रहेे फाल्ट से परेशानी और बढ़ गई। बृहस्पतिवार को भी लाइनमैन ऊर्जा भवन पहुंचे और वहां गेट पर ही धरना देकर बैठ गए। दोपहर बाद लाइनमैनों को मनाने के लिए अधिकारी पहुंचे। समिति अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह और मंत्री अमित खारी आदि के प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से वार्ता की। अधिकारियों ने कर्मचारियों की मई माह तक वेतन की मांग तीन दिन के अंदर पूरी कराने का आश्वासन दिया। इसके अलावा ईपीएफ और इंश्योरेंस के मामले भी निपटाए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म कर दी।
बिजली नहीं मिलने से मचा रहा हाहाकार
बारिश में पटरी से उतरी शहर की बत्ती को अस्थायी रूप से सामान्य किया जा सका था। अधिकारियों को उम्मीद थी कि संविदा लाइनमैन बृहस्पतिवार को काम पर लौट आएंगे। लेकिन दोपहर तक और ज्यादा फाल्ट हो गए। इसके चलते पुराना आरटीओ, लेडीज पार्क, रामलीला ग्राउंड, एमईएस, मलियाना, मेडिकल, सिविल लाइन, मोहनपुरी, लिसाड़ी गेट, लिसाड़ी रोड, विकासपुरी, हापुड़ रोड, नौचंदी, पल्लवपुरम, गंगानगर, कंकरखेड़ा, टाउन हाल, रेलवे रोड आदि बिजलीघर क्षेत्रों में घंटो तक बिजली आती-जाती रही। हड़ताल खत्म होने के बाद ही लाइनमैनों पर फाल्ट ठीक कर आपूर्ति सामान्य की।
मुख्य बातें
शाम को पूरा वेतन मिलने के आश्वासन के बाद हड़ताल खत्म कर काम पर लौटे लाइनमैन