हस्तिनापुर। गांव लतीफपुर के पास जंगल में लकड़ी माफिया ने मुख्य मार्ग पर किसान के खेत की डोल पर खड़े लगभग 11 शीशम के पेड़ बिना अनुमति के काटकर पर्यावरण को बड़ी हानि पहुंचाई। वन विभाग को इसकी भनक लगी तो माफिया पर जुर्माना लगाकर छोड़ दिया गया।
गांव लतीफपुर के पास दूधली जाने वाले रास्ते पर खड़े करीब पांच कीमती पेड़ों के साथ-साथ किसान के खेत की डोल पर खड़े छह अन्य पेड़ों सहित कुल 11 पेड़ों को लकड़ी माफिया ने रातों-रात ठिकाने लगा दिया। पेड़ काटने की सूचना वन विभाग को बाद में पता चली। इसके बाद वन विभाग की टीम ने वन माफिया पर करीब एक लाख का जुर्माना लगाते हुए उन्हें छोड़ दिया। क्षेत्रीय वन अधिकारी खुशबू उपाध्याय का कहना है कि यह मामला 20 मई का है। वन विभाग को शीशम के कुछ पेड़ काटने की सूचना मिली थीं, जिसमें शीशम के 11 पेड़ काटने की पुष्टि हुई थी। पेड़ किसान के निजी थे, परंतु अनुमति नहीं ली गई थी। इस कारण किसान और ठेकेदारों पर एक लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है।