मेरठ। प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला व पुरुष तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन 24 से 27 जुलाई तक डॉ. सम्पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम वाराणसी में होगा। प्रतियोगिता को लेकर शनिवार को क्षेत्रीय खेल कार्यालय की ओर से करन पब्लिक स्कूल के तरणताल में मंडलीय ट्रायल लिए गए। इस दौरान मेरठ मंडल के छह जिलों में से मेरठ और हापुड़ से ही तैराक ट्रायल देने पहुंचे। महिला और पुरुष वर्ग में कुल 13 तैराक पहुंचे। इसमें से 11 का चयन प्रतियोगिता के लिए किया गया।
शुक्रवार को जिला स्तरीय ट्रायल प्रक्रिया विक्टोरिया पार्क स्थित तरणताल में होनी थी, लेकिन वहां तरणताल बंद होने और खिलाड़ी के न पहुंचने के कारण ट्रायल नहीं हुए। कोई तैराक वहीं नहीं पहुंचा था। शनिवार को मंडलीय ट्रायल करन पब्लिक स्कूल के तरणताल में कराए गए। जहां करन पब्लिक स्कूल के तैराकी कोच वेदपाल और हापुड़ से आईं टेबिल टेनिस कोच अरुणा की देखरेख में ट्रायल प्रक्रिया पूरी हुई।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में तैराकी कोच न होने के कारण अन्य कोच का सहारा लेना पड़ा। इस दौरान मेरठ और हापुड़ से आए कुल 13 खिलाड़ियों ने पुरष और महिला दोनों वर्ग में ट्रायल प्रक्रिया में भाग लिया। महिला वर्ग में मात्र एक तैराक हापुड़ से पीहुल चौधरी शामिल हुईं। पीहुल का चयन 1500 मीटर, 800 मीटर, 200 मीटर, 50 मीटर और फ्रीस्टाइल इवेंट के लिए किया गया।
पुरुष वर्ग में ही हापुड़ के शिवम का चयन 50 मीटर, 100 मीटर फ्री स्टाइल, कनिष्क का 50 मीटर फ्री स्टाइल, 50 मीटर बटर फ्लाई इवेंट में हुआ। रितेश का चयन 50 मीटर, 100 मीटर फ्रीस्टाइल के लिए हुआ। विराज का 200 मीटर, 100 मीटर, 50 मीटर फ्री स्टाइल के लिए हुआ।
इनके अलावा मेरठ के नैतिक का 200 मीटर, 100 मीटर, 50 मीटर फ्रीस्टाइल, 50 मीटर बैक स्ट्रोक के लिए किया गया। हरतेज का 50 मीटर फ्री स्टाइल के लिए चयन हुआ। आयुष का 200 मीटर, 50 मीटर फ्री स्टाइल, 50 मीटर बैक स्ट्रोक, 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक और रुद्र का 100 मीटर फ्री स्टाइल व कृष्णा का 50 मीटर फ्री स्टाइल के लिए चयन किया गया। वहीं कांवड़ यात्रा का असर भी तैराकी के ट्रायल पर दिखाई दिया। मेरठ और हापुड़ को छोड़कर अन्य जिलों से खिलाड़ी नहीं पहुंच सके।