हस्तिनापुर में व्यापारी हरीश के घर हुई चोरी का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। कस्बे की डी- ब्लॉक कॉलोनी में व्यापारी हरीश के मकान में 22 जुलाई को हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में जेल भेजे गए तीन आरोपियों को पुलिस न्यायालय के निर्देश पर आठ घंटे की कस्टडी रिमांड पर लेकर आई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उनके घरों से 1.05 लाख रुपये की नकदी बरामद की। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें दोबारा जेल भेज दिया गया।
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि डी-ब्लॉक कॉलोनी निवासी व्यापारी हरीश के मकान में चोरी की घटना के चार दिन बाद पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों अंकित, राजू निवासी लिसाड़ी गेट और विकास को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया था। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने छह लाख 40 हजार रुपये की नकदी और सोने की दो अंगूठियां बरामद की थीं।
व्यापारी चोरी हुई पूरी रकम और जेवरात की बरामदगी की मांग कर रहे थे। इसको लेकर व्यापारियों ने बाजार बंद करने की चेतावनी भी दी थी। हालांकि, सीओ मवाना के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने अपना निर्णय टाल दिया था।
सीओ के अनुसार, सोमवार को न्यायालय के आदेश पर तीनों आरोपियों को आठ घंटे की रिमांड पर लिया गया। थाने में पूछताछ के बाद आरोपी अंकित की निशानदेही पर उसके घर से 65 हजार रुपये और राजू के घर से 40 हजार रुपये बरामद किए गए। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने यह रकम जमानत के लिए घर में छिपाकर रखी थी। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद शाम चार बजे पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।