माधवपुरम में क्राइम ब्रांच को महिलाओं ने घेरा
लूट के मामले में महिला को पकड़ा था
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। लूट के एक मामले में माधवपुरम दबिश डालने पहुंची क्राइम ब्रांच टीम को महिलाओं ने घेर लिया। टीम किसी महिला को हिरासत में लेकर वहां से लौट रही थी। क्राइम ब्रांच के समझाने पर महिलाएं शांत हुईं।
क्राइम ब्रांच ने ट्रक लूट से जुड़े एक पुराने मामले में दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पिछले कई दिनों से पुलिस इन बदमाशों से पूछताछ में जुटी थी। पूछताछ के बाद एक महिला का नाम भी सामने आया। बुधवार को क्राइम ब्रांच टीम दोनों बदमाशों को साथ लेकर माधवपुरम सेक्टर-3 पहुंची। यहां एक घर पर दबिश डालकर महिला को हिरासत में लिया। घर के बाहर निकलते ही महिला ने शोर मचा दिया। आसपास की महिलाओं की भीड़ लग गई। जैसे ही क्राइम ब्रांच टीम महिला को लेकर जाने लगी, अन्य महिलाओं ने टीम को घेर लिया।
चौकी प्रभारी को किया फोन
टीम ने महिलाओं को बताया कि वह पुलिसकर्मी हैं, लेकिन सादी वर्दी में होने के कारण महिलाओं ने उनका भरोसा नहीं किया। महिलाओं ने हंगामा भी शुरू कर दिया। मजबूर होकर क्राइम ब्रांच टीम ने चौकी प्रभारी अंकित चौधरी को फोन कर मौके पर बुलाया। चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और महिलाओं को शांत कराया।
स्कूटी से गई महिला
जिस महिला को क्राइम ब्रांच टीम ने पकड़ा उसने उनकी गाड़ी में जाने से इंकार कर दिया। महिला का कहना था कि वह पुलिस को पूछताछ में सहयोग करेगी, लेकिन अपनी स्कूटी से जाएगी। इस पर टीम ने सहमति जता दी। बाद में महिला अपनी स्कूटी पर एक परिचित को साथ लेकर रवाना हुई।