मेड़ के विवाद में किसान को गोली मारी
मवाना। मीवा गांव में खेत की मेड़ को लेकर शनिवार को दो किसानों में कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया। इस पर एक किसान ने पुत्र के साथ मिलकर दूसरे को गोली मार दी। सीने में गोली लगने से किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, आरोपी मौके से भाग निकला। परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी देकर घायल किसान को गंगानगर स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया।
मीवा गांव निवासी कंवरपाल (30) पुत्र गजे सिंह का पड़ोसी किसान से खेत की मेड़ को लेकर अरसे विवाद है। कंवरपाल शनिवार को खेत पर पहुंचा। उसकी पड़ोसी किसान से मेड़ को लेकर कहासुनी हो गई। आरोपी किसान ने अपने पुत्र के साथ मिलकर कंवरपाल से जमकर मारपीट की। पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपी किसान ने कंवरपाल को गोली मार दी। गोली सीने में लगने से कंवरपाल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। किसान को लहूलुहान देख आरोपी पिता-पुत्र भाग निकले। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने कंवरपाल के परिजनों को वारदात की जानकारी दी। इस पर परिजनों ने घायल को गंगानगर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन वे फरार मिले। चिकित्सकों ने कंवरपाल का आपरेशन कर गोली निकाल दी। फिलहाल हालत खतरे से बाहर बताई है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक परिजनों ने तहरीर नहीं दी थी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
गोली लगने की जानकारी कंवरपाल की पत्नी अनीता एवं परिजनों को लगी तो हड़कंप मच गया। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। हालांकि चिकित्सकों द्वारा उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। इस पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
गांव में बना रहा चर्चा का विषय
कंवरपाल को गोली मारने का मामला गांव में चर्चा का विषय बना है। पूर्व में भी दोनों पक्ष में मेड़ को लेकर कहासुनी हो चुकी है। वहीं, दोनों पक्ष अधिकारियों से इसकी शिकायत कर चुके थे। यदि अधिकारी समय रहते विवाद सुलझा देते तो बात आगे नहीं बढ़ती।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर गई थी और आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन आरोपी फरार मिले। फिलहाल किसान के परिजनों ने तहरीर नहीं दी है।-संजय कुमार, थाना प्रभारी मवाना