पहले सप्ताह में बंद हो मवाना मिल, नोटिस जारी
मवाना। मवाना शुगर मिल का 2018-19 का पेराई सत्र समाप्ति की ओर है। लगभग 3 मई को मवाना शुगर मिल बंद होने की संभावना है। सोमवार को मिल ने पहला नोटिस जारी कर दिया। वहीं, मई के पहले सप्ताह में गन्ना भुगतान के संकेत दिए है।
मिल के महाप्रबंधक प्रमोद बालियान ने बताया कि इस बार मवाना शुगर मिल को 170 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई का लक्ष्य मिला था। सोमवार तक 172 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की। गन्ने की आवक कम होने के कारण मिल पेराई समाप्ति की ओर है। मिल प्रशासन की ओर से 1 मई के लिए पहला नोटिस जारी कर दिया गया है। महा प्रबंधक प्रमोद बालियान ने बताया कि मिल के 156 क्रय केंद्रों में से अब तक 80 केंद्र बंद किए जा चुके है। तीन नोटिस के बाद मिल का पेराई सत्र समाप्त कर दिया जायेगा।