देररात बेकाबू कार नहर में गिरी, एक डूबा
मवाना। ग्राम कूड़ी कमालपुर से शुक्रवार देर शाम नासिरपुर सेंट्रो कार से लौट रहे कालू की कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। जिससे कार समेत कालू व उसका साथी आशु नहर में डूब गए। किसी प्रकार आशु जान बचाकर बाहर निकल आया। हालांकि कालू एवं कार का सुराग नहीं लग सका है। सूचना पाकर पुलिस एवं ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वे कालू एवं कार की तलाश में जुटे थे। अंधेरा होने के कारण सर्च अभियान में काफी दिक्कत आ रही है।
जानकारी के अनुसार देर शाम कालू पुत्र राजवीर निवासी नासिरपुर तथा आशु पुत्र रमेश निवासी गांव सीना सेंट्रो कार में सवार होकर कूड़ी कमालपुर नहर पटरी से होते हुए गांव नासिरपुर लौट रहे थे। कुछ दूर चलने पर कार अचानक अनियंत्रित हो गई तथा नहर में गिर गई। किसी प्रकार कार सवार आशु ने घायल होने के बाद भी हिम्मत नहीं छोड़ी तथा साइड के शीशा के सहारे बाहर निकल आया, जबकि कालू व कार का सुराग नहीं लग सका है। आशु ने किसी तरह दुर्घटना की जानकारी नासिरपुर गांव पहुंचाई। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। वहीं, इस हादसे से कालू के परिजनों में हड़कंप मच गया। इस पर ग्रामीण एवं पुलिस मौके पर पहुंचे तथा डूबे कालू एवं कार को तलाशने में जुट गए। देर रात तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका। दोनों मौसेरे भाई हैं। थाना प्रभारी संजय कुमार का कहना है कि कालू की तलाश जारी है। हालांकि अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। सूचना पाकर सीओ मवाना भी पहुंच गए हैं।