देहरादून के ध्यानार्थ
मेरठ। एक आरोपी युवक को मेडिकल पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के करीब आठ घंटे बाद आरोपी कस्टडी से फरार हो गया। पुलिस ने लापरवाही बरतने पर दो होमगार्डों के खिलाफ केस दर्ज किया है। दोनों की बर्खास्तगी की रिपोर्ट कमांडेंट को भेजी है।
पुलिस ने मंगलवार देर रात सिकंदर निवासी देहरादून को गिरफ्तार किया था। वह लूटपाट की फिराक में घूम रहा था। तलाशी में उससे चाकू मिला था। बुधवार सुबह आठ बजे सिकंदर की हालत बिगड़ गई। जिसे एक सिपाही और होमगार्ड मेडिकल अस्पताल में इलाज के लिए ले गए। जहां से सिकंदर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। एसओ मेडिकल कैलाश चंद ने बताया कि सिकंदर को इलाज कराने के लिए दो होमगार्ड बालेश्वर व कुशलपाल ले गए थे। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि दोनोें के खिलाफ कार्रवाई की गई है। आरोपी की तलाश में टीम लगी है।