आज से शुरू होगा भाजपा का पश्चिमी क्षेत्र कार्यालय
दो करोड़ की लागत से बागपत रोड स्थित हरमन सिटी में बनाया गया है चार मंजिला भवन
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। बागपत रोड स्थित हरमन सिटी में बनाये गये भाजपा के पश्चिमी क्षेत्र कार्यालय का बुधवार को हवन पूजन के साथ शुभारंभ होगा। इस कार्यालय में भाजपा के जिला और महानगर कार्यालय भी संचालित होंगे। चार मंजिला इस कार्यालय का निर्माण लगभग दो करोड़ रुपये में हुआ है।
भाजपा का पश्चिमी क्षेत्र कार्यालय अब तक गाजियाबाद में संचालित होता था। मेरठ में कार्यालय निर्माण प्रभारी कमल ठाकुर ने बताया कि भूतल और प्रथम तल का काम पूरा हो चुका है। द्वितीय और तृतीय तल पर साज सज्जा का काम एक सप्ताह में पूरा हो जाएगा। भूतल पर दो कार्यालय कक्ष के साथ शौचालय, रसोई आदि हैं। प्रथम तल पर बड़ा मीटिंग हॉल है। द्वितीय तल पर दो कार्यालय, एक कान्फ्रेंस हॉल, शौचालय है। तृतीय तल पर अतिथियों के रुकने के लिए सुविधाओं से युक्त दो कक्ष और कार्यालय परिसर की देखरेख करने वाले स्टाफ के रहने के कमरे बनाए हैं।
भाजपा महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल ने बताया कि कार्यालय परिसर का उद्घाटन दोपहर एक बजे होगा। पश्चिमी क्षेत्र के सभी नवीन कार्यालयों का औपचारिक उद्घाटन बुलंदशहर में बुधवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह करेंगे। वहां से उनके द्वारा लोकार्पित किए गए शिलापट को यहां लाकर लगाया जायेगा। हरमन सिटी स्थित कार्यालय पर इस दौरान महानगर व जिले के भाजपा सहित सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ व विभाग आदि के पदाधिकारी सपरिवार मौजूद रहेंगे।