पुलिस ने गंभीर रूप से घायल एक अन्य युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया
पुलिस ने कार से मिली शराब को थाने भिजवाया
अमर उजाला ब्यूरो
बहसूमा(मेरठ)। मेरठ-पौडी राजमार्ग स्थित रजवाहे की पुलिया के समीप शनिवार सुबह शराब से लदी कार अनिंयत्रित होकर सड़क किनारे यूकेलिप्टिस के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पेड़ में जाकर फंस गई। हादसे की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला। हालांकि तब तक दो युवकों की मौत हो चुकी थी। हालांकि एक युवक को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
मेरठ-पौडी राजमार्ग पर अलसुबह शराब लदी कार फिरोजपुर रजवाहे की पुलिया से अनियंत्रित हो सड़क किनारे यूकेलिपटिस के पेड़ से टकरा गई। कार पेड़ में फंस गई तथा शराब के पव्वे फैल गए। इसकी जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार में फंसे युवकों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। एक युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटनास्थल से करीब 15 मीटर दूर एक अन्य कार खड़ी थी। उससे उतरा एक युवक मृतक को अपना भाई बता रहा था। इसी दौरान कार के समीप खड़ी युवती तथा एक अन्य युवक कार से शराब के पव्वे निकालकर खेत मेंफेंक रहा था। पुलिस की निगाह पड़ते ही युवक फरार हो गए। वहीं, पुलिस ने कार से बरामद करीब 500 पव्वे थाने भिजवाए।
थानाध्यक्ष रविंद्र कांबोज ने बताया कि मृतकों में कार चालक विशाल (22) पुत्र मुकेश निवासी गांव बिसरख गौतमबुद्धनगर एवं अभिषेक (19) पुत्र सुशील निवासी रेवड़ी थाना मुरादनगर गाजियाबाद तथा गंभीर रूप से घायल लोकेश पुत्र रामपाल निवासी सौपरी मीरापुर है। वहीं, मामले की जांच की जा रही है।
हादसे की वजह
ग्रामीणों ने बताया कि फिरोजपुर रजवाहे समीप हुए हादसे की वजह रजवाहे की पुलिया का ढलान रहा है। उन्होंने इसे खत्म कराने की मांग मांग की है।
विभत्स मंजर देख लोगो की रूह कापी
हादसा इतना भीषण था कि कार चालक के बराबर में बैठे अभिषेक के दोनों पैर कार में फंसे रह गए जबकि वह शीशा तोड़कर बोनट पर जा गिरा। कार चालक की एक टांग शरीर से अलग हो चुकी थी। जिन्हें पुलिसकर्मियाें एवं ग्रामीणों ने घंटों की मशक्कत के बाद बाहर निकाला।