कंकरखेड़ा। रोहटा रोड की मरम्मत का काम शुरू हो गया है। शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी के जेई रोड़ी, डस्ट, सीमेंट व तारकोल लेकर मौके पर पहुंचे। इस दौरान लोगों ने विरोध भी किया। इस पर जेई ने कहा कि फिलहाल समस्या को देखते हुए मरम्मत का काम कराया जा रहा है। जल्द ही प्रस्ताव पास होने वाला है। जिसके बाद आरसीसी की सड़क बनवाई जाएगी। जल निकासी के लिए सीवर का प्रबंध किया जाएगा।
रोहटा रोड की हालत काफी खराब है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिस कारण आए दिन वहां हादसे होते रहते हैं। स्थानीय लोग भी काफी समय से सड़क निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी गड्ढे भरने को ईंट व पत्थर लेकर पहुंचे थे, लेकिन लोगों ने हंगामा कर उन्हें भगा दिया था। साथ ही सड़क निर्माण की मांग की थी। इसके बाद शुक्रवार को जेई हरस्वरूप शर्मा दर्जनों कर्मचारियों के साथ रोड़ी, डस्ट, सीमेंट व तारकोल लेकर मौके पर पहुंचे। काम शुरू होने से पहले ही लोगों ने जेई को घेर लिया। इस दौरान जन कल्याण वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष समाज सेवी दुष्यंत रोहटा ने जेई से कहा कि गड्ढे भरने से काम नहीं चलेगा। कुछ दिन बाद फिर से स्थिति खराब हो जाएगी, क्योंकि जल निकासी का कोई साधन नहीं है। इस पर जेई ने लोगों को समझाया कि पीडब्ल्यूडी के सीनियर अधिकारी सड़क निर्माण का प्रस्ताव लेकर लखनऊ गए हैं। प्रस्ताव पास होते ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। प्रस्ताव में सड़क निर्माण, जल निकासी के लिए सीवर व सड़क के दोनों ओर स्ट्रीट लाइट आदि को शामिल गया किया है। वहीं लोगों ने जेई को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ तो वह फिर से आंदोलन करेंगे।