मेरठ। हापुड़ अड्डा चौराहे पर मंगलवार देर रात यूपी 100 पुलिस की गाड़ी पर मामूली विवाद के बाद हमला बोल दिया गया। भीड़ ने पुलिस की गाड़ी घेर ली। पुलिसकर्मियों से नोकझोंक के बाद मारपीट हो गई। सूचना पर इंस्पेक्टर कोतवाली फोर्स लेकर पहुंचे। लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ दिया गया। कोतवाली थाने पर इसकी सूचना दर्ज करते हुए पुलिस ने आरोपियों की पहचान करनी शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर कोतवाली यशवीर सिंह के अनुसार रात करीब 1:30 बजे यूपी 100 पुलिस की गश्ती गाड़ी हापुड़ अड्डा चौराहे से निकल रही थी। इस दौरान वहां कई युवक खड़े थे। तभी पुलिस की गाड़ी की साइड आबिद नाम के युवक को लग गई थी। इसको लेकर आबिद और यूपी 100 के सिपाही के बीच नोकझोंक हो गई। आरोप है कि बात इतनी बढ़ी कि आबिद ने फोन कर अपने समर्थकों और जान पहचान वालों को बुला लिया। लोगों की भीड़ ने पुलिस की गाड़ी को घेर लिया और पुलिसकर्मियों से मारपीट कर दी गई। उधर, कंट्रोल रूम पर यह सूचना फ्लैश हुई तो हड़कंप मच गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि तस्करा डाला गया है। बुधवार को इसकी जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।