मेरठ। एमडीए ने दिल्ली रोड पर दो स्थानों पर कट बंद कराने का काम तो शुरू करा दिया है। लेकिन जाम की वजह बने कट से नजरें चुरा ली हैं। ट्रैफिक विभाग भी इसे बंद कराने की वकालत तो कर रहा है। लेकिन एमडीए को भेजी सूची में ये कट ही गायब कर दिया है। उधर एमडीए लिस्ट में नाम न होने की बात कह रहा है। जाम की समस्या से निपटने बजाय दोनों विभाग एक-दूसरे के पाले में गेंद डालकर उसे बढ़ावा दे रहे हैं।
दिल्ली रोड पर दुर्गा धर्म कांटे के सामने बना कट इस रोड पर जाम की सबसे बड़ी वजह है। रविवार को जब एमडीए ने कट बंद कराने के लिए नवीन मंडी गेट और गौशाला के सामने ईंटें रखवानी शुरू की तो आसपास के लोगों को लगा कि शायद इस कट को भी बंद कराया जाएगा। सोमवार को कुछ लोग मंडी गेट के सामने कट बंद कर रहे मजदूरों से इसकी जानकारी लेने गए तो उन्होंने भी जानकारी से इंकार किया। लोग समझ गए कि ये कट फिलहाल बंद नहीं हो रहा। इसे लेकर लोग भी नाराज हैं।
इसलिए बंद होना जरूरी
दरअसल इस कट के पास सड़क के एक ओर माधवपुरम और दूसरी तरफ ट्रांसपोर्ट नगर पड़ता है। टीपी नगर से दिल्ली रोड पर जाने वाले वाहन शार्ट कट की वजह से सड़क पर रॉंग साइड चलते हैं। इसी तरह माधवपुरम की ओर से फुटबाल चौक की ओर जाने वाले वाहन भी रांग साइड चलकर इस कट से निकलते हैं। इसी वजह से यहां अक्सर जाम लगा रहता है। कट बंद होने के बाद दोनों तरफ रॉंग साइड की समस्या बंद होगी और जाम से भी निजात मिलेगी।
सूची भेजकर सो गई ट्रैफिक पुलिस
ट्रैफिक पुलिस इस कट को बंद कराने की पैरवी कर रही है। लेकिन उसके द्वारा एमडीए को भेजी गई कटों की सूची में इस कट का जिक्र नहीं है। ये सूची भी महीनों पहले भेजी जा चुकी थी। यदि किसी वजह से नाम छूट गया था तो इस गलती को सुधारा जा सकता था। जाम की समस्या की वजह से इसके लिए व्यक्तिगत तौर पर भी प्रयास हो सकते थे जो शायद किए नहीं गए । विभाग भी सूची भेजकर बैठ गया।
यहां काम कराना संभव नहीं
लिस्ट के अनुसार कट बंद कराए जा रहे हैं। जिस कट की बात कही जा रही है, वो लिस्ट में नहीं है। ऐसे में यहां काम कराना फिलहाल संभव नहीं है। यदि ट्रैफिक पुलिस को लगता है कि कोई कट बंद होना जरूरी है तो उसके लिखित प्रस्ताव पर मंडलायुक्त से अनुमति के बाद ही ये संभव है। -राजकुमार, सचिव एमडीए
खास बातें:
दिल्ली रोड पर दुर्गा धर्मकांटे के सामने वाला कट बना है जाम का सबब
एमडीए करा रहा अन्य दो कटों को बंद, लेकिन इस पर मेहरबानी
एमडीए और ट्रैफिक विभाग एक-दूसरे के पाले में गेंद फेंक रहे