मेरठ। प्रगतिशील शिक्षक एसोसिएशन की राज्य कार्य समिति की बैठक रविवार को एसएसडी ब्वायज इंटर कॉलेज लालकुर्ती में हुई। जिसमें माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाओं के सभी पारिश्रमिक दरों को सीबीएसई के समकक्ष करते हुए समयबद्ध भुगतान करने की मांग की गई। इस समेत बैठक में 13 बिंदुओं पर निर्णय लिए गए।
मांगों के समर्थन और पीड़ित शिक्षकों की समस्याओं के निस्तारण के लिए 21 मई को प्रदेशीय कार्य समिति एक दिन का सांकेतिक उपवास संयुक्त शिक्षा निदेशक के कार्यालय पर करेगी। संयुक्त शिक्षा निदेशक के माध्यम से ज्ञापन मुख्यमंत्री को प्रेषित करेगी। तय हुआ कि शिक्षा सत्र 2018-19 के प्रारंभ से ही संगठन का प्रचार एवं सदस्यता अभियान प्रारंभ कर दिया जाए। इसके अंतर्गत सदस्यता प्रपत्रों का वितरण और सदस्यता की धनराशि प्राप्त करना, जिससे जुलाई माह की बैठक में सदस्यता एवं समस्याओं के निस्तारण की समीक्षा हो सके।
इसके अलावा व्यावसायिक शिक्षकों को पूर्ण शिक्षक का दर्जा प्रदान किया जाए। विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षक के नए पद सृजित किए जाएं। वरिष्ठ शिक्षक नागरिकों को रोडवेज बसों में और रेलवे में 30 प्रतिशत छूट प्रदान की जाए। इस दौरान संरक्षक उमेश द्विवेदी, अध्यक्ष नित्यानंद शर्मा, डॉ. धर्मेंद्र कुमार और भीम भारत भूषण आदि मौजूद रहे।