साइकिल पर हेलमेट पहनकर दे रहे सुरक्षा का संदेश
मेरठ। सुनकर और देखकर भले ही आश्चर्य लगे। लेकिन यह हकीकत है। दिव्यांग सतपाल पिछले चार साल से साइकिल पर हेलमेट पहनकर यह संदेश दे रहे हैं कि दुपहिया वाहन पर सफर बिना हेलमेट के सुरक्षित नहीं है। जिंदगी अनमोल है और यातायात नियमों की अनदेखी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। हेलमेट पहनकर साइकिल चलाते देख लोग भी आश्चर्यचकित होते है।
बुलंदशहर के जहांगीराबाद कस्बे के रोगनग्राम मोहल्ला निवासी सतपाल प्रजापति पैर से दिव्यांग है। सतपाल का कहना है कि करीब साढे़ चार साल पहले वह खुद साइकिल से गिर गए थे। गनीमत रही कि सिर में चोट नहीं लगी। यह समझा कि दूसरे वाहन चालकों की गलती से साइकिल का सफर भी सुरक्षित नहीं है। तभी से साइकिल पर हेलमेट लगाकर चलते हैं। दुपहिया वाहन पर हेलमेट लगाकर लोगों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक भी कर रहे है। चार साल से सतपाल बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद, दिल्ली, अलीगढ़, मेरठ, गौतमबुद्घनगर के जिलों में ही साइकिल से हेलमेट लगाकर ही पहुंचते हैं। साइकिल पर आगे की तरफ हेलमेट की एक तख्ती भी लगी हुई है। जो एक दिन में 80 किमी साइकिल चला लेते हैं।
खास बातें:
चार साल से वेस्ट के कई जिलों में लोगों को कर रहे है हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक