दिल्ली रोड से अतिक्रमण हटाया, 14 कार उठाईं
मेरठ। जाम की समस्या को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने रविवार सुबह दिल्ली रोड पर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया। इस दौरान पुलिस ने सड़क पर अवैध तरीके से खड़ी कारों को क्रेन से उठवाकर पुलिस लाइन भेजा। सोतीगंज में भी कार्रवाई की गई।
टीआई सुनील कुमार रविवार सुबह ट्रैफिक पुलिस के साथ बेगमपुल पहुंचे। पुलिस ने वहां सड़क पर अवैध तरीके से खड़े ऑटो को हटवाया। साथ ही लालकुर्ती में मुख्य मार्ग पर पैठ बाजार से लेकर जीरो माइल तक ठेले और फड़ हटवाईं। जीरो माइल चौराहे से लेकर बेगमपुल तक भी अतिक्रमण हटवाया। इसके बाद सोतीगंज, भैसाली बस अड्डा, जली कोठी, केसरगंज, रेलवे रोड चौराहा, मेट्रो प्लाजा और फुटबाल चौराहे तक अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने दुकानदारों को भी नसीहत दी कि दुकान के बाहर अवैध तरीके से सामान न रखें। इस बीच दिल्ली रोड पर अलग-अलग स्थानों से 14 कार क्रेन से उठवाकर पुलिस लाइन भेजी गईं हैं। साथ ही 21 ऑटो के चालान किए और सात अवैध ई रिक्शा को भी सीज किया गया। एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेई का कहना है कि सड़क पर अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा।