मेडिकल के बाहर होगी हरियाली
मेरठ। मेडिकल कॉलेज के बाहर हरित पट्टी से नगर निगम ने शनिवार को स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण हटाया। इस दौरान टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। वहीं एमडीए ने वहां पौधे लगाने की तैयारी शुरू कर दी है।
कमिश्नर के निर्देश पर पहले जागृति विहार तो अब गढ़ रोड स्थित मेडिकल कॉलेज की दीवार के बाहर सड़क किनारे हरित पट्टी को जीवित करने का कार्य शुरू हो गया है। शनिवार को नगर निगम के संपत्ति अधिकारी राजेश कुमार, टैक्स अधीक्षक नरेश सिवालिया, लेखपाल कुंवरपाल पुलिस के साथ आदि दो जेसीबी और कूड़ा गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे। नगर निगम दस्ते ने वहां स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण पर एक सिरे से बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया। हरित पट्टी पर चारा मशीन, नर्सरी, खोखे, अन्य दुकानें और अवैध होर्डिंग लगाकर कब्जा किया हुआ था। जिसको हटाए जाते समय लोगों ने निगम टीम का विरोध भी किया। पुलिस ने कई बार भीड़ को खदेड़ा। लगातार छह घंटे तक चली कार्रवाई में हरित पट्टी को पूरी तरह खाली कर दिया। इसके साथ ही एमडीए टीम ने वहां पौधरोपण के लिए तैयारी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि एक सप्ताह के भीतर हरित पट्टी पर पौधे लगा दिए जाएंगे। उधर, शहर के अन्य क्षेत्रों में भी हरित पट्टी खाली कराई जाएंगी।