कुट्टू का आटा खाएं, पर सावधान रहें
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। नवरात्र में कुट्टू के आटे की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में बाजार में ‘जहरीला’ कुट्टू का आटा आने लगता है। वर्ष 2011 में कुट्टू का आटा खाने के कारण दिल्ली में 200 लोग बीमार हो गए थे।
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. तनुराज सिरोही ने बताया कि कुट्टू केखराब आटे को खाने से पेट में दर्द, भूख न लगना, लीवर को नुकसान पहुंचाना और आंतों में जख्म आदि परेशानियां हो सकती हैं। खाद्य सुरक्षा प्रशासन की अभिहित अधिकारी अर्चना धीरान ने बताया कि खाद्य सुरक्षा प्रशासन मंगलवार या बुधवार से अभियान चलाएगा, जिसमें मिलावटी और खराब कुट्टू का आटा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह है कुट्टू का आटा
कुट्टू का आटा ‘बक्वीट’ के पौधों के बीजों से बनता है। कुट्टू कहे जाने वाले आटे को अंग्रेजी में बक्वीट तो पंजाब में ओखला के नाम से जाना जाता है। इसे वैज्ञानिक भाषा में फैगोपाइरम एसक्युल्युटम कहते हैं।
ऐसे हो जाता है जहरीला
कुट्टू केआटे में कुछ दुकानदार सिंघाड़ा गिरी को पीसकर बनाया गया आटा भी मिला देते हैं। ये एक महीना पुराना होने पर इसमें फंगस लगना शुरू हो जाता है, तब यह जहर बन जाता है। विशेषज्ञों की मानें तो कुट्टू का आटा बनने के एक माह तक ही खाने लायक रहता है और इसके बाद ये खराब हो जाता है।
ये होता है कुट्टू केआटे में
कुट्टू के आटे में 75 प्रतिशत कॉम्पलेक्स कार्बोहाइड्रेट और 25 प्रतिशत हाई क्वालिटी प्रोटीन होते हैं, जो वजन कम करने में सहायक होते हैं। ये दिल की बीमारियों के मरीजों के लिए काफी फायदेमंद हैं। इसमें मैग्नीशियम, फाइबर, विटामिन बी, आयरन, फास्फोरस की मात्रा अधिक होने के कारण इसका इस्तेमाल कई दवाइयों में भी किया जाता है।
इन बातों का रखें ध्यान
आटा खुरदरा न हो
आटे में कीड़े-फंगस न लगे हों
आटा सील बंद पैकेट में ही लें
बाजार से लाया गया आटा छानकर इस्तेमाल करें
खाद्य सुरक्षा प्रशासन केअधिकारियों ने किया जागरूक
मवाना रोड स्थित जेपी इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट में खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सर्वेश मिश्रा, फूड सेफ्टी ऑफिसर दर्पण पटेल, वैभव शर्मा, सुभाष चंद मौर्य और अमित कुमार सिंह आदि रहे। इन्होंने बताया कि स्वस्थ रहने के लिए खाने की चीजों के प्रति जागरूक रहें।
खास बात
खाद्य सुरक्षा विभाग चलाएगा अभियान, मिलावटी आटा बेचने वालों पर होगी कार्रवाई