मेरठ। अपराधी जेल से भागा तो वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई होगी। जेल में बंदी अपराधी मोबाइल फोन का प्रयोग करते हैं। इसको लेकर जेल में लगे जैमरों की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। प्रदेश के कारागार मंत्री जय कुमार सिंह जैकी ने बुधवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में यह बातें कहीं।
कारागार मंत्री ने कहा कि एक सप्ताह पहले मेरठ जेल से गैंगेस्टर संदीप के भागने के मामले में शासन से भी कार्रवाई की जाएगी। जेल से मुल्जिम भागा तो जेलर और वरिष्ठ जेल अधीक्षक पर भी नपेंगे। जेल के पास में 4-जी टावर लगने से अपराधी मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहे हैं। इसको देखते हुए जेल में लगे जैमरों की फ्रीक्वेंसी बढ़ाई जाएगी, ताकि अपराधियों के मोबाइल फोन का नेटवर्क काम ही न करे। उन्होंने जेल में बंदियों को बेहतर साफ-सफाई और रोजगार के अवसर मुहैया कराने पर जोर दिया। कहा कि जेलों में अत्याधुनिक रसोई घर बनाने की तैयारी चल रही है। इस दौरान वरिष्ठ जेल अधीक्षक मेरठ संतलाल यादव, जेलर एके सिंह के अलावा बागपत, मुजफ्फरनगर के जेल अधिकारी मौजूद रहे।
खास बात:
प्रदेश के कारागार मंत्री जय कुमार सिंह ने की सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता
कहा, कसेंगे शिकंजा, जेल में लगे जैमरों की बढ़ाएंगे फ्रीक्वेंसी
जेल से मुल्जिम भागा तो नपेंगे जेल के वरिष्ठ अधिकारी