स्टंट रोकने के लिए सड़कों पर पुलिस का पहरा
अमर उजाला ब्यूरो
फोटो
मेरठ। बकरीद के बाद स्टंट रोकने के लिए रविवार को पुलिस फोर्स सड़कों पर उतर आई। कुछ स्थानों पर पीएसी और पैरामिलिट्री फोर्स लगाकर चेकिंग की गई। वहीं दिल्ली रोड और हापुड़ रोड पर बैरियर लगाकर पुलिस ने 150 से अधिक बाइकों के चालान काटे।
ईद पर स्टंट के दौरान सड़क हादसे को देखते हुए शनिवार को एसएसपी ने पुलिस अफसरों को सख्त निर्देश दिए थे। शनिवार शाम को पुलिस ने कई स्थानों पर बैरियर लगाकर चेकिंग करते हुए स्टंटबाजी रोकी। रविवार को भी एसएसपी ने सभी थाना प्रभारी और चौकी इंचार्जों को निर्देश दिए कि कहीं भी स्टंटबाजी हुई तो संबंधित क्षेत्र के दरोगा और एसओ जिम्मेदार होंगे। दोपहर ढाई बजे एसपी सिटी मानसिंह चौहान हापुड़ अड्डा, एल ब्लॉक शास्त्रीनगर, भूमिया का पुल और दिल्ली रोड पर पहुंचे और पुलिस को सख्त निर्देश दिए। एसपी सिटी ने बताया कि शहर में पुलिस ने ट्रैफिक नियम तोड़ने पर दो पहिया वाहनों के 160 चालान काटे। जबकि ट्रैफिक पुलिस ने 70 फोटो चालान किए।
मुख्य प्वाइंटों पर लगाई ड्यूटी
बेगमपुल चौराहा, जली कोठी चौराहा, रेलवे रोड पर जैन मंदिर तिराहा, दिल्ली रोड पर शॉप्रिक्स मॉल तिराहा, वेस्ट एंड रोड, रुड़की रोड पर टैंक चौराहा, बच्चा पार्क, इंदिरा चौक, हापुड़ अड्डा, भूमिया का पुल, आरटीओ रोड पर आवास विकास चौराहा, पीवीएस मॉल स्थित पुलिस चौकी, मवाना रोड पर गंगानगर थाना, बिजली बंबा बाईपास पर नूरनगर हॉल्ट, जागृति विहार विस्तार योजना समेत मुख्य रोड पर बैरियर लगाकर पुलिस ने रात्रि तक चेकिंग अभियान चलाया।
स्टंटबाजी के लिए पुलिस को सख्त निर्देश दिए गए हैं। कुछ स्थानों पर सीओ और एसपी सिटी ने भी चेकिंग की। ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई भी की है। - मंजिल सैनी दहल, एसएसपी
खास बात
एसएसपी के निर्देश पर चलाया गया चेकिंग अभियान, 150 से अधिक चालान काटे